100 दिन बाद भी संसद सत्र पर सस्पेंस बरकरार, जानें क्या है कांग्रेस की 4 शर्तें और BJP का 3 दिन का प्लान
संसद के मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं होने के बीच परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है.
संसद के मानसून सत्र की आखिरी बैठक के 100 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक सत्रावसान नहीं हुआ है. इस वजह से दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. माना जा रहा है कि केंद्र सरकार इन विधेयकों को पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश में है. वहीं, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने सरकार के सामने चार प्रमुख शर्तें रखी हैं.
संसद के मानसून सत्र की आखिरी बैठक के बाद 100 दिन का अंतराल संसदीय इतिहास में अब तक का सबसे लंबा अंतराल बताया जा रहा है. इससे पहले साल 2008 में 87 दिनों का रिकॉर्ड बना था. सत्रावसान नहीं होने के पीछे एक तकनीकी पहलू भी है. नियमों के मुताबिक, बिना सत्रावसान वाले सत्र की बैठक एक सप्ताह से कम समय के नोटिस पर दोबारा बुलाई जा सकती है. वहीं, सत्रावसान के बाद नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम दो सप्ताह का नोटिस देना होता है.
क्या है भाजपा का तीन दिवसीय प्लान?
भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के सूत्रों के मुताबिक संसद का कोई विशेष सत्र बुलाने की योजना नहीं है. हालांकि दिसंबर के दूसरे सप्ताह में मानसून सत्र का अगला हिस्सा शुरू होने की संभावना है. सरकार की रणनीति शुरुआती तीन दिनों में ही परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े दोनों विधेयकों को पेश करने की बताई जा रही है. सरकार को आशंका है कि उत्तर प्रदेश, पंजाब और अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों की वजह से राजनीतिक दलों का ध्यान चुनावी गतिविधियों पर रहेगा. ऐसे में संसद के बाकी दिनों में हंगामा हो सकता है और विधेयकों पर चर्चा प्रभावित हो सकती है.
Also Read
कांग्रेस की चार प्रमुख मांगें क्या हैं?
कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन, डीएमके और आम आदमी पार्टी ने परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर चार प्रमुख मांगें रखी हैं.
- परिसीमन के बाद भी लोकसभा की कुल सीटें 543 ही रखी जाएं.
- राज्यों को वर्तमान में मिली लोकसभा सीटों की संख्या में बदलाव न किया जाए.
- 2023 के नारी शक्ति वंदन अधिनियम को तुरंत लागू किया जाए और मौजूदा 543 सीटों में से 182 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हों.
- संविधान संशोधन के जरिए इस व्यवस्था को अगले 25 वर्षों तक स्थिर रखा जाए.
विपक्ष का कहना है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए जनगणना और परिसीमन का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए. वहीं, सरकार महिला आरक्षण को नए परिसीमन से जोड़कर आगे बढ़ाना चाहती है.
लोकसभा में कितने सांसदों के समर्थन की जरूरत?
परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों के लिए संविधान संशोधन की जरूरत होगी. ऐसे विधेयकों को पारित कराने के लिए सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की आवश्यकता होती है. सरकार के रणनीतिकारों के अनुमान के मुताबिक मतदान के दिन करीब 360 सांसदों का समर्थन जरूरी हो सकता है.
बताया जा रहा है कि एनडीए के पास फिलहाल 319 सांसदों का समर्थन है. इसमें भाजपा के 241 सांसद शामिल हैं. सरकार को बहुमत का आंकड़ा हासिल करने के लिए अतिरिक्त सांसदों का साथ चाहिए. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के आठ सांसदों का समर्थन मिलने पर यह संख्या 327 तक पहुंच सकती है. वहीं, डीएमके के 22 सांसदों का साथ मिलने पर आंकड़ा करीब 350 हो सकता है. इसके बावजूद सरकार को अन्य दलों और निर्दलीय सांसदों के समर्थन की जरूरत पड़ेगी.