भारत दौरे पर आए बालेन शाह को पीएम मोदी का खास तोहफा, नेपाल के प्रधानमंत्री ने भी दिया धार्मिक उपहार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को त्रिवेणी का गंगाजल भेंट किया. इसके बदले बालेन शाह ने उन्हें पशुपतिनाथ मंदिर का रुद्राक्ष और चंदन दिया.

@ANI X Account
Km Jaya

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार 23 नवंबर 2026 को भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह को त्रिवेणी का गंगाजल भेंट किया. इसके जवाब में बालेन शाह ने पीएम मोदी को नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर का रुद्राक्ष और चंदन उपहार में दिया. 

दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच यह मुलाकात धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों के लिहाज से भी खास रही. बालेन शाह 22 से 23 नवंबर तक दो दिवसीय भारत की राजकीय यात्रा पर हैं. मार्च 2026 में नेपाल का प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है.

हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय वार्ता

प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बातचीत की. इस दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा हुई. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बातचीत में क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया.


इसके बाद बालेन शाह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की. दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, जल संसाधन, विकास साझेदारी और संपर्क सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया.

भारत-नेपाल के धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों की झलक

पीएम मोदी की ओर से गंगाजल और बालेन शाह की ओर से रुद्राक्ष और चंदन का उपहार दोनों देशों के पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है. भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत रिश्ते हैं. दोनों देशों के लोगों के बीच भी मजबूत संबंध रहे हैं.

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सहयोग लगातार आगे बढ़ रहा है. पारंपरिक क्षेत्रों के साथ अब स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे नए क्षेत्रों में भी साझेदारी बढ़ रही है.

बालेन शाह के सम्मान में पीएम मोदी देंगे भोज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह और उनके साथ आए 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन भी करेंगे. इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होने की उम्मीद है.

इसमें व्यापार, परिवहन, निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे. इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों यानी एमओयू पर भी सहमति बन सकती है.

ऊर्जा और कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर भी जोर

भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा और संपर्क सुविधाओं को लेकर सहयोग इस यात्रा का अहम हिस्सा है. दोनों देशों की ओर से पूरी हो चुकी कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन करने और भविष्य की योजनाओं की आधारशिला रखने की भी तैयारी है. इन परियोजनाओं से दोनों देशों के बीच व्यापार और आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है. ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग से भी द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा मिल सकती है.