14 महीने पुराने बैच पर FSSAI की कार्रवाई, बिसलेरी पानी विवाद पर कंपनी का बड़ा खुलासा

पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी को लेकर इन दिनों चर्चा तेज है. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के पानी के एक सैंपल को जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी दी है.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी को लेकर इन दिनों चर्चा तेज है. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के पानी के एक सैंपल को जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी दी है. हालांकि, कंपनी ने इस मामले में अपनी सफाई देते हुए कहा है कि यह करीब 14 महीने पुराने एक बैच से जुड़ा मामला है और उसकी ओर से कराई गई स्वतंत्र जांच में पानी सुरक्षित पाया गया था.

इस मामले में FSSAI और कंपनी के दावों को समझना जरूरी है, क्योंकि दोनों की जांच रिपोर्ट में अलग-अलग बातें सामने आई हैं.

पानी के सैंपल में क्या मिला था?

FSSAI ने बिसलेरी के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का सैंपल लेकर जांच कराई थी. शुरुआती जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई, जिसके बाद पानी को असुरक्षित घोषित कर दिया गया. कंपनी ने इस रिपोर्ट पर आपत्ति जताते हुए अपील की. इसके बाद सैंपल को रेफरल लैब में भेजा गया. 


FSSAI के अनुसार, दूसरी जांच में भी सैंपल असुरक्षित पाया गया और उसमें PAHs (पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन) की मौजूदगी दर्ज की गई. इसी रिपोर्ट के आधार पर कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दी गई.

बिसलेरी ने दी सफाई:

बिसलेरी का कहना है कि यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से संबंधित है. कंपनी के अनुसार, 30 सितंबर को लिए गए छह सैंपल में से पांच निर्धारित मानकों पर खरे उतरे थे, जबकि एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली थी. इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर बताई गई है.

कंपनी ने दावा किया कि बाद में रेफरल लैब की जांच में ब्रोमेट की मात्रा सीमा के भीतर मिली, हालांकि PAHs का उल्लेख किया गया था. इस रिपोर्ट को लेकर कंपनी ने सवाल उठाए हैं.

स्वतंत्र लैब से भी कराई जांच:

बिसलेरी के मुताबिक, उसने FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब से भी सैंपल की जांच कराई थी. कंपनी का दावा है कि इस जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली थी. इस रिपोर्ट को 2 फरवरी 2026 को FSSAI के क्षेत्रीय कार्यालय में जमा कराया गया था. कंपनी ने यह भी कहा है कि उसे इसके बाद कोई नोटिस नहीं मिला और वह नियामक के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है.

क्या बिसलेरी का पानी पीना सुरक्षित है?

फिलहाल यह मामला एक विशेष सैंपल की जांच से जुड़ा है. FSSAI ने जांच के आधार पर उसे असुरक्षित बताया है, जबकि कंपनी अपनी स्वतंत्र जांच का हवाला देकर सुरक्षा का दावा कर रही है. इसलिए पूरे बिसलेरी ब्रांड या उसके सभी उत्पादों को असुरक्षित कहना सही नहीं होगा. FSSAI अब बोतलबंद पानी के अन्य ब्रांडों के सैंपल भी जांच रहा है. आने वाले समय में इस क्षेत्र में और कार्रवाई हो सकती है.