Spanish Woman Gang Rape Case: इस महीने की शुरुआत में झारखंड के दुमका में 28 साल की स्पेन की महिला के साथ 7 लोगों द्वारा किए गए गैंगरेप की घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था. इस घटना के बाद एक बार फिर से देश में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे थे. सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई स्पेन की उस महिला ने अब भारत को लेकर लेकर अपनी राय रखी है.
अपनी भारत यात्रा को लेकर क्या बोली महिला
महिला ने कहा कि उसे अपनी भारत यात्रा पर कोई पछतावा नहीं है जो उसके साथ यहां हुआ वह और कहीं भी हो सकता था.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट से बात करते हुए महिला ने कहा, 'मुझे लगता है कि दुनिया चाहती है कि मैं ये कहूं कि 'कभी भी भारत मत जाना' लेकिन जीवन इससे कहीं ज्यादा उलझा हुआ है. जो मेरे साथ भारत में हुआ वह दुनिया के किसी भी कोने में हो सकता था. बहुत पुरानी बात नहीं है जब एक दंपति सेंट्रल अमेरिका के बेलीज गया था और उसके साथ भी यही घटना हुई थी.'
'मुझे अपनी भारत यात्रा को लेकर कोई पछतावा नहीं'
पीड़ित स्पेनिश महिला ने कहा कि मैं जानती हूं कि कुछ लोग उस निष्कर्ष तक कैसे पहुंच सकते हैं. आप जानते हैं कि समाज हमें एक ही तरह से जीने की इजाजत देता है कि काम पर जाओ, दो बच्चे पैदा करो, दायरे में रहो और जब कोई उस दायरे से बाहर निकलता है तो उसे जोखिम लेने वाला समझा जाता है.
हां, मैंने अपना घर छोड़ा, हां मैंने खतरा उठाया, मुझे इसका कोई पछतावा नहीं है. मुझे अपनी भारत यात्रा को लेकर कोई पछतावा नहीं है.
'कैंप वहां लगाएं जहां आसानी से मदद मिल सके'
पीड़ित महिला ने अन्य महिलाओं को भी भी घर से बाहर निकलने और घूमने फिरने की सलाह दी, हालांकि महिला ने उन्हें यह भी सुझाव दिया कि महिलाएं ऐसी जगह पर ठहरें यहां से वह विषम परिस्थिति में आसानी से मदद मांग सकें.
'बिना डरे यात्रा करें महिलाएं'
उन्होंने कहा, 'महिलाओं को मेरी सलाह है कि वे घर से बाहर निकलें और बिना डरे यात्रा करें. अगर आप कैंप लगा रही हैं तो यह रोड से ज्यादा दूर नहीं होना चाहिए जहां से आप आसानी से मदद मांग सकें और आपने फोन में सिग्नल आ रहे हों.' महिला ने कहा कि वह और उसका साथी अभी ब्रेक पर हैं लेकिन वे जल्द ही अपनी बाइक यात्रा को शुरू करने की योजना बना रहे हैं.