menu-icon
India Daily

आज का मौसम 9 अप्रैल: 12 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 85 किमी की रफ्तार से चलेगी तेज हवा

9 अप्रैल 2026 को पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के 12 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. हवाएं 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
आज का मौसम 9 अप्रैल: 12 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 85 किमी की रफ्तार से चलेगी तेज हवा
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट बदल रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश-आंधी का दौर शुरू हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 12 राज्यों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है, जहां 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने की आशंका है. कुछ राज्यों में तो ओलावृष्टि और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है. वहीं राजधानी दिल्ली में मौसम साफ रहने के साथ वायु गुणवत्ता में अच्छा सुधार देखने को मिल रहा है.

उत्तर भारत में बारिश और ओला गिरने का खतरा

दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री रहेगा. हल्की हवाएं चलेंगी. उत्तर प्रदेश में आज अलीगढ़, आगरा, मथुरा, एटा, कासगंज समेत कई जिलों में आंधी के साथ ओलावृष्टि हो सकती है. 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश संभव है, लेकिन 10 अप्रैल से तापमान बढ़ने लगेगा.

बिहार-मध्य प्रदेश में वज्रपात और आंधी का अलर्ट

बिहार में 9 अप्रैल को दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी है. 10 अप्रैल से मौसम शुष्क हो जाएगा. मध्य प्रदेश के 32 जिलों में भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, सागर समेत कई जगहों पर 9 से 11 अप्रैल तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी है. 10 अप्रैल के बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है. 

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश जारी

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो रही है. केदारनाथ यात्रा की तैयारियां तेजी से चल रही हैं. हिमाचल में शिमला, कांगड़ा समेत कई क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी है. 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मैदानी इलाकों में धूप खिली हुई है. 

दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में मौसम का मिजाज

तमिलनाडु के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश से गर्मी से कुछ राहत मिल रही है. चेन्नई में आंशिक बादल छाए रहेंगे. वहीं पूर्वोत्तर भारत के असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, त्रिपुरा समेत आठ राज्यों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना है. अरुणाचल और असम में सबसे ज्यादा असर रहने वाला है.