Aaj Ka Mausam 25 August 2025: दिल्ली-एनसीआर से लेकर केरल तक और उत्तराखंड से हिमाचल प्रदेश तक मॉनसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है. पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश ने लोगों को राहत भी दी है और मुश्किलें भी बढ़ाई हैं. राजस्थान में भीषण बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिस कारण 13 जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है. वहीं जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी खराब मौसम को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियों का ऐलान किया गया है.
मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आने वाले सात दिनों तक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश जारी रह सकती है. इसके अलावा 26 अगस्त तक जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में भी मूसलाधार बारिश का अनुमान है.
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह से ही कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली. इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार, आज भी पूरे दिन दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम रहने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है. आज भी मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. हालांकि इसके बाद कुछ दिनों तक बारिश का क्रम धीमा पड़ सकता है, जिससे उमस भरी गर्मी एक बार फिर लोगों को परेशान कर सकती है. विभाग ने बताया कि 29 और 30 अगस्त को प्रदेश में एक बार फिर मूसलाधार बारिश की संभावना है.
बिहार में भी मॉनसून सक्रिय है और आज करीब 20 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है. पटना, गया, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, जहानाबाद, अरवल, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर और खगड़िया में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, हालांकि इसके बाद मॉनसून की रफ्तार थोड़ी धीमी हो सकती है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है. इस वजह से कई जगहों पर भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की घटनाएं सामने आ रही हैं. प्रशासन लगातार प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य चला रहा है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आज उत्तराखंड के बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, टेहरी और उत्तरकाशी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे भूस्खलन का खतरा बना रहेगा.
| शहर | अधिकतम तापमान (24 अगस्त) |
न्यूनतम तापमान (24 अगस्त) |
| दिल्ली | 28°C | 26°C |
| मुंबई | 27°C | 26°C |
| कोलकाता | 32°C | 26°C |
| चेन्नई | 34°C | 28°C |
| पटना | 30°C | 27°C |
| रांची | 26°C | 22°C |
| भोपाल | 27°C | 23°C |
| जयपुर | 28°C | 25°C |
| लखनऊ | 29°C | 26°C |
| शिमला | 21°C | 18°C |