नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को तेज हवा और झमाझम बारिश ने गर्मी से कुछ राहत दी, लेकिन अब कई राज्यों में नया खतरा मंडरा रहा है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने आंधी, तूफान और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है.इस दौरान 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक सतर्कता बरतनी होगी.
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले पांच दिनों तक तेज हवाओं के साथ हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है. अरुणाचल, असम और मेघालय में 18 से 21 अप्रैल के बीच भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है.
हरियाणा, पंजाब, बिहार, झारखंड और ओडिशा में हल्की बारिश के साथ आंधी चलने के आसार हैं. वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, तेलंगाना और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 17 से 21 अप्रैल तक लू का प्रकोप रहेगा. तापमान 40 से 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गर्म व उमस भरा मौसम परेशान करेगा.
दिल्ली में शुक्रवार को बारिश के बाद शनिवार को गर्म और शुष्क मौसम रहेगा. अगले एक हफ्ते तक तापमान 40 डिग्री के पार रहने की उम्मीद है. उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी जारी है. पूर्वी यूपी में 50 किमी प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं. बांदा में तापमान 44 डिग्री पहुंच गया.
बिहार में 18 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30-50 किमी प्रति घंटे की हवाएं चलेंगी. पटना और मधेपुरा में बादल छाए रहेंगे. उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में 18-19 अप्रैल को हल्की बारिश और 50 किमी की हवाओं का अलर्ट है. देहरादून में भी आंशिक राहत मिल सकती है.
हिमाचल प्रदेश में 18-19 अप्रैल को कई जिलों में गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. शिमला-मनाली क्षेत्र प्रभावित रहेंगे. राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी और लू चल रही है. जैसलमेर-बीकानेर में तेज धूलभरी आंधी के साथ तापमान सामान्य से ज्यादा बना रहेगा.