प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है. देश ही नहीं, दुनिया के कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका की सराहना की. पुतिन से लेकर ट्रंप तक, नेतन्याहू से लेकर अल्बानीज़ तक, सभी ने मोदी की उपलब्धियों और उनके नेतृत्व की प्रशंसा की.
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि मोदी ने भारत-रूस के विशेष और रणनीतिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में 'व्यक्तिगत स्तर पर उल्लेखनीय योगदान' दिया है. क्रेमलिन की वेबसाइट पर जारी संदेश में पुतिन ने लिखा, 'प्रिय प्रधानमंत्री, आपके 75वें जन्मदिन पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं स्वीकार करें. आप दोनों देशों के बीच विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं.'
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने जन्मदिन से एक दिन पहले फोन कर मोदी से बातचीत की और कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें रूस-यूक्रेन युद्ध भी शामिल था. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा, 'अभी-अभी अपने मित्र नरेंद्र मोदी से शानदार फोन कॉल हुआ. मैंने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. वह शानदार काम कर रहे हैं. नरेंद्र: रूस और यूक्रेन युद्ध खत्म करने के आपके समर्थन के लिए धन्यवाद!'
इसी कड़ी मे इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी मोदी को 'अच्छा मित्र' बताते हुए वीडियो संदेश भेजा. उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण काम किया है और भारत-इज़राइल साझेदारी को मजबूत करने में अहम योगदान दिया है. वहीं, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने भी ट्वीट कर मोदी को शुभकामनाएं दीं और भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई.
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक सहित कई अन्य नेताओं ने भी बधाई संदेश भेजे. इन सभी शुभकामनाओं में एक बात- भारत की बढ़ती वैश्विक छवि और नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना कॉमन ही. मोदी के जन्मदिन के अवसर पर यह साफ दिखा कि विश्व मंच पर भारत की भूमिका लगातार बढ़ रही है और प्रमुख शक्तियां इस साझेदारी को और आगे बढ़ाना चाहती हैं.