menu-icon
India Daily

मणिपुर के एक घर में बम धमाका, 2 बच्चों की मौके पर मौत; मां हुई बुरी तरह घायल

मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में एक घर के अंदर बम फटने से दो बच्चों की मौत हो गई और उनकी मां बुरी तरह से घायल हो गई. जानें क्या है पूरा मामला.

Shilpa Shrivastava
मणिपुर के एक घर में बम धमाका, 2 बच्चों की मौके पर मौत; मां हुई बुरी तरह घायल
Courtesy: X (@meiteiheritage)

बिष्णुपुर: आज सुबह मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में एक दुखद घटना हुई है. मोइरांग ट्रोंगलाओबी गांव में रात करीब 1 बजे एक घर के अंदर बम फटने से दो छोटे बच्चों की मौत हो गई. इस हादसे में बच्चों की मां घायल हो गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बम संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने दागा था. बता दें कि यह बम एक नागरिक के घर पर गिरा. इस समय परिवार सो रहा था. 

मरने वालों में एक पांच साल का लड़का और एक छह महीने की बच्ची शामिल थी. दोनों बच्चों की अपने बेडरूम में ही मौके पर मौत हो गई. उनकी मां इस धमाके से घायल हो गई. बता दें कि मोइरांग ट्रोंगलाओबी एक निचला इलाका है जो चुराचांदपुर की पहाड़ियों के करीब स्थित है. इस क्षेत्र में 2023 और 2024 में मेइतेई और कुकी समुदायों के बीच हुए जातीय संघर्षों के दौरान बार-बार हिंसा और गोलीबारी हुई थी. 

बीजेपी विधायक ने की हादसे की कड़ी निंदा:

स्थानीय BJP विधायक थ. शांति सिंह ने इस हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने इसे कुकी नार्को-आतंकवादियों द्वारा किया गया क्रूर और अमानवीय आतंकवादी कृत्य बताया. इन्होंने कहा, "निर्दोष बच्चों की इस तरह की निर्मम हत्याओं के लिए हमारे समाज में कोई जगह नहीं है." उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है. 

बता दें कि मणिपुर में जारी जातीय हिंसा 2023 में मेइतेई और कुकी समुदायों के बीच तनाव के कारण शुरू हुई थी. यह संघर्ष जमीन के अधिकार, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और आदिवासी दर्जे की मांग जैसे मुद्दों पर शुरू हुआ था. सरकार और सुरक्षा बलों के प्रयासों के बावजूद, राज्य में अभी तक पूरी तरह से शांति बहाल नहीं हो पाई है. 

कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर चिंता:

इस बम हमले ने एक बार फिर मणिपुर में जारी अशांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं. पूरे राज्य और देश भर के लोगों ने इन दो छोटे बच्चों की हत्या पर गहरा सदमा और गुस्सा व्यक्त किया है. कई लोग इस हमले के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.