नई दिल्ली: ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर एक बड़ा दावा किया जा रहा है. खबरों के अनुसार, इस समय मोजतबा बेहोश हैं और उनका इलाज चल रहा है. ऐसे में वो देश के प्रति अपने कर्तव्य निभाने में असमर्थ हैं. यह आकलन अमेरिकी और इजरायली इंटेलिजेंस पर आधारित है. कहा जा रहा है कि मोजतबा का कोम में इलाज चल रहा है.
बता दें कि जब युद्ध शुरू हुआ था, तब इनके पिता अली खामेनेई की हत्या कर दी गई थी. इसके बाद मोजतबा ने यह पद संभाला. अली खामेनई पर जब हमला हुआ था तब मोजतबा को उस हमले में केवल पैर में मामूली चोट लगी थी, जिसमें उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्यों की जान चली गई थी. हालांकि, अब कहा जा रहा है कि उनकी हालत काफी गंभीर है और वो किसी भी तरह का अहम निर्णय लेने में असमर्थ हैं.
रिपोर्ट में कहा गया है कि कोम वही जगह है, जहां एक बड़े मकबरे बनाने की तैयारी चल रही है, जो अली खामेनेई के शव को दफनाने के लिए तैयार किया जा रहा है. यह संभव है कि परिवार के अन्य सदस्यों को भी वहीं दफनाया जा सकता है. सुप्रीम लीडर बनने के बाद से, मोजतबा खामेनेई के नाम से केवल दो बयान जारी किए गए हैं. दोनों ही बयान उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं दिए बल्कि सरकारी टेलिविजन द्वारा पढ़ें गए हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ धमकियां जारी की हैं. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान उनकी दी गई डेडलाइन का पालन नहीं किया गया तो अमेरिका एक ही रात में देश के सभी पावर प्लांट और पुलों को नष्ट कर सकता है. इसके साथ ही कहा है कि ईरान के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए भी ट्रंप ने धमकी दी है. ट्रंप ने कहा है कि मंगलवार रात 8 बजे (वाशिंगटन समय) की समय सीमा तेजी से करीब आ रही है. उन्होंने यह साफ कर दिया है कि वह कोई और एक्सटेंशन नहीं देंगे.