स्टालिन को चुनाव में हराने वाले TVK विधायक वीएस बाबू का निधन, 75 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
तमिलनाडु की कोलाथुर विधानसभा सीट से एमके स्टालिन को हराने वाले TVK विधायक वीएस बाबू का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. वह लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे.
तमिलनाडु की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है. तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधायक वीएस बाबू का गुरुवार, 19 नवंबर को 75 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को कोलाथुर विधानसभा सीट पर हराकर सुर्खियां बटोरी थीं. वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और चेन्नई के MGM हेल्थकेयर अस्पताल में भर्ती थे.
अस्पताल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, वीएस बाबू को 9 सितंबर 2026 को लंबे समय से चली आ रही सांस संबंधी बीमारी के कारण भर्ती कराया गया था. उन्हें लगातार गहन चिकित्सा निगरानी में रखा गया था. डॉक्टरों की कई विशेषज्ञ टीमों ने उनका इलाज किया, लेकिन उनकी हालत में लगातार गिरावट आती रही.
कैसे हुई मौत?
अस्पताल के अनुसार, गुरुवार को दोपहर 2 बजकर 14 मिनट पर उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ. इसके 10 मिनट बाद यानी 2 बजकर 24 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. अस्पताल ने उनके निधन पर परिवार, दोस्तों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
Also Read
विजय ने बताया अपूरणीय क्षति
TVK प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने वीएस बाबू के निधन पर गहरा दुख जताया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि बाबू ने अपना पूरा जीवन सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित कर दिया था. वह आम लोगों के बीच रहते थे और उन्होंने जनता का प्यार, समर्थन और विश्वास हासिल किया था. विजय ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और कोलाथुर की जनता के प्रति संवेदना व्यक्त की.
तमिलनाडु के मंत्री आधव अर्जुन ने भी बाबू को याद किया. उन्होंने कहा कि वीएस बाबू हमेशा मुस्कुराते रहते थे और वह थलपति विजय के पसंदीदा नेताओं में से एक थे. उन्होंने उत्तर चेन्नई के लोगों के प्रति बाबू के लगाव को याद करते हुए उनके निधन को व्यक्तिगत और राजनीतिक रूप से बड़ा नुकसान बताया.
DMK से शुरू किया था राजनीतिक सफर
वीएस बाबू का राजनीतिक करियर दो दशक से अधिक लंबा रहा. उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत द्रविड़ मुनेत्र कड़गम यानी DMK से की थी. पार्टी में आगे बढ़ते हुए वह उत्तर चेन्नई के जिला सचिव भी बने. साल 2006 में उन्होंने पुरसावलकम विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव जीता था. इस चुनाव में उन्होंने AIADMK के उम्मीदवार को 90 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया था. वह 2011 तक इस सीट से विधायक रहे.
बाद में DMK नेतृत्व से मतभेद के चलते उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली और एडप्पादी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली AIADMK के साथ जुड़ गए. इसके बाद 7 फरवरी 2026 को उन्होंने अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK का दामन थाम लिया.
स्टालिन को 8,795 वोटों से दी थी शिकस्त
2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने वीएस बाबू को कोलाथुर सीट से एमके स्टालिन के खिलाफ मैदान में उतारा था. इस चुनाव में बाबू ने बड़ा उलटफेर करते हुए स्टालिन को 8,795 वोटों से हरा दिया था.
वीएस बाबू को कुल 82,997 वोट मिले थे, जबकि एमके स्टालिन को 74,202 वोट हासिल हुए थे. इस जीत के साथ उन्होंने कोलाथुर सीट पर स्टालिन के लगातार जीतने के सिलसिले को तोड़ दिया था.
स्टालिन ने भी जताया दुख
वीएस बाबू के निधन पर एमके स्टालिन ने भी दुख जताया. उन्होंने एक्स पर लिखा कि बाबू के निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा सदमा लगा है. स्टालिन ने बताया कि अस्पताल में इलाज के बाद उनकी तबीयत में सुधार होने की खबरें मिल रही थीं. उन्होंने बाबू के परिवार और उनकी पार्टी के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
वीएस बाबू के निधन से कोलाथुर विधानसभा सीट खाली हो गई है. उनके अंतिम संस्कार और पार्थिव शरीर से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है. बाबू की राजनीतिक यात्रा DMK से शुरू होकर AIADMK और फिर TVK तक पहुंची थी. स्टालिन जैसे बड़े राजनीतिक चेहरे को हराकर उन्होंने तमिलनाडु की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई थी.