हसीना की वापसी से पहले जल उठा बांग्लादेश, अवामी लीग ने फूंक डाला मोहम्मद यूनुश का पुश्तैनी घर

बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के विरोध प्रदर्शन के बीच हिंसा भड़क गई. हिंसा के दौरान मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग लगा दी गई और कई जगह तोड़फोड़ हुई.

X
Sagar Bhardwaj

बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. बुधवार (18 नवंबर) देर रात चटगांव में अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग लगा दी गई. यह घटना ऐसे समय हुई है, जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने देशभर में विरोध प्रदर्शन और 19 नवंबर को सुबह से शाम तक बंद का आह्वान किया था.

बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक, रात करीब 11:30 बजे पंचलाइश इलाके में स्थित यूनुस के घर के भूतल पर बने एक खाली कमरे में आग लगाई गई. गश्त कर रही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई. पुलिस अधिकारी मोजम्मेल हक के अनुसार, घर के निचले हिस्से में कोई नहीं रहता था, जबकि यूनुस के दो भाइयों के परिवार दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहते हैं. घटना के बाद घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

ग्रामीण बैंक की शाखाओं को भी बनाया निशाना

यूनुस के घर पर आगजनी की घटना से पहले ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को भी निशाना बनाया गया था. मोहम्मद यूनुस ग्रामीण बैंक के संस्थापक हैं. बैंक के मुताबिक, 10 नवंबर से अब तक उसकी कम से कम 37 शाखाओं और कार्यालयों पर आगजनी या आग लगाने की कोशिश की गई है. बैंक की शाखाओं पर हमलों के अलावा देश के कई हिस्सों में वाहनों, दुकानों और राजनीतिक नेताओं के घरों में भी तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं.


शेख हसीना की पार्टी ने किया देशव्यापी बंद का ऐलान

अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर बांग्लादेश से जाना पड़ा था. इसके बाद उनकी पार्टी अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया. अब पार्टी एक बार फिर सड़कों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रही है. अवामी लीग ने पांच दिनों के विरोध कार्यक्रम का ऐलान किया था, जिसका समापन 19 नवंबर को देशव्यापी बंद के रूप में हुआ. पार्टी के प्रदर्शन का असर हसीना के गृह जिले गोपालगंज समेत कई इलाकों में दिखाई दिया. यहां प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर जुलूस निकाले, रास्ते रोके और पुलिस के साथ झड़प की. कुछ प्रदर्शनकारियों के पास कुल्हाड़ी और अन्य स्थानीय हथियार भी देखे गए.

पुलिस स्टेशन और नेताओं के घरों में तोड़फोड़

गोपालगंज में मंगलवार (17 नवंबर) रात प्रदर्शनकारियों ने तुंगीपारा पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया. बताया गया कि कई पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद भीड़ ने थाने में तोड़फोड़ की, हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ाया और पुलिस स्टेशन तथा वाहनों में आग लगा दी. इसी दौरान BNP सांसद एसएम जिलानी के घर समेत कई अन्य मकानों को भी निशाना बनाया गया. बुधवार को गोपालगंज में BNP सांसद केएम बाबर के स्वामित्व वाले अस्पताल में भी तोड़फोड़ और आगजनी की खबर सामने आई. काशियानी में BNP कार्यालय और ग्रामीण बैंक के एक कार्यालय को भी नुकसान पहुंचाया गया.

दो नेताओं की हत्या, कई इलाकों में बम धमाके

नाराइल में बुधवार शाम मोटरसाइकिल जुलूस को निशाना बनाए जाने की घटना में BNP से जुड़े दो नेताओं शाहिनुर शेख और सोहेल मोल्ला की मौत की खबर सामने आई. इस हमले में कई अन्य लोग घायल हुए. इसके अलावा राजधानी ढाका के शाहजहांपुर, श्यामपुर और शेर-ए-बांग्ला नगर में कच्चे बम विस्फोटों की घटनाएं हुईं. मोहम्मदपुर इलाके में एक ट्रक में आग लगा दी गई. कई जिलों में वाहनों और दुकानों को निशाना बनाए जाने के साथ रेलवे ट्रैक पर भी आगजनी की खबरें आईं. इन घटनाओं से परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हुईं.

ढाका में 71 अवामी लीग समर्थक गिरफ्तार

लगातार बढ़ती हिंसा को देखते हुए बांग्लादेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस के मुताबिक, ढाका में 24 घंटे के भीतर प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े कम से कम 71 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के सदस्य भी शामिल हैं. इसके अलावा, हिंसा पर नियंत्रण के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के 97 प्लाटून सात जिलों में तैनात किए गए हैं. पुलिस ने पिछले 10 दिनों में कम से कम 28 जिलों में बम विस्फोट और वाहनों में आगजनी की घटनाएं दर्ज की हैं. पूर्व शिक्षा मंत्री और अवामी लीग के वरिष्ठ नेता नुरुल इस्लाम नाहिद को भी गुरुवार सुबह ढाका के उत्तरा इलाके से हिरासत में लिए जाने की खबर है.

पीएम तारिक रहमान ने लोगों से एकजुट होने की अपील की

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री और BNP प्रमुख तारिक रहमान ने अवामी लीग पर विदेश से देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. उन्होंने अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा वाले लोगों से एकजुट होकर पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों का विरोध करने की अपील की है. तारिक रहमान ने BNP सांसदों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटकर अवामी लीग का राजनीतिक रूप से मुकाबला करने का निर्देश भी दिया है. उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं को इसके लिए केवल सरकारी प्रशासन पर निर्भर नहीं रहना चाहिए.

दिसंबर में बांग्लादेश लौट सकती हैं शेख हसीना

शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश छोड़ने के बाद से भारत में रह रही हैं. उन्होंने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है. इसके लिए उनके वकीलों ने नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की मांग की है. बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से जुड़े मामले में पिछले साल हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी.

हसीना की वापसी की कोशिशों और अवामी लीग के विरोध प्रदर्शनों के बीच बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है. लगातार हो रही आगजनी, बम धमाकों और झड़पों ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार के सामने कानून-व्यवस्था की नई चुनौती खड़ी कर दी है.