एक मंच पर दुनिया की तीन महाशक्तियां, ट्रंप-जिनपिंग-पुतिन की ऐतिहासिक बैठक शुरू
चीन के शेनझेन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक शुरू हो गई है.
अमेरिका, चीन और रूस के बीच एक ऐतिहासिक कूटनीतिक बैठक शुरू हो गई है. चीन के शेनझेन शहर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक साथ बैठक कर रहे हैं. इस त्रिपक्षीय बैठक को वैश्विक राजनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. हालांकि, बैठक का पूरा एजेंडा अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन परमाणु हथियारों पर नियंत्रण, रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक शांति जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में हैं.
ट्रंप इस बैठक से पहले कई बार परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने और हथियार नियंत्रण को लेकर अपनी प्राथमिकता जाहिर कर चुके थे. वहीं, चीन ने कहा था कि इस बैठक में वैश्विक शांति से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा. तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों का एक मंच पर आना इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इनके बीच कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर मतभेद रहे हैं.
त्रिपक्षीय बैठक से पहले ट्रंप की द्विपक्षीय मुलाकात
तीनों नेताओं की संयुक्त बैठक से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने अलग-अलग व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बातचीत की. क्रेमलिन के मुताबिक, पुतिन और ट्रंप की मुलाकात में रूस-यूक्रेन युद्ध पर चर्चा हुई. पुतिन के एक सहयोगी ने इस बैठक को अच्छा बताया और कहा कि रूसी राष्ट्रपति का मूड काफी बेहतर था.
Also Read
इसके बाद ट्रंप ने शी जिनपिंग से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने चीन की ओर से किए गए भव्य स्वागत के लिए धन्यवाद दिया. साथ ही उम्मीद जताई कि पुतिन के साथ होने वाली तीनों नेताओं की बैठक सफल रहेगी. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को खत्म करने में मदद करना चाहता है. उन्होंने कहा कि वह इस युद्ध का अंत देखना चाहते हैं.
ट्रंप बोले- परमाणु हथियारों पर चर्चा के लिए तीनों देश सक्षम
संयुक्त बैठक की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि तीनों देश परमाणु हथियारों पर चर्चा करने के लिए विशेष स्थिति में हैं. उन्होंने कहा कि पहले के कई नेता उन नेताओं से बातचीत करने से बचते रहे, जिनसे उनके मतभेद थे. ट्रंप ने यह भी कहा कि शांति के अवसरों को ठुकराकर कभी शांति स्थापित नहीं की जा सकती. उनके मुताबिक, पूरी दुनिया को प्रभावित करने वाली समस्याओं का समाधान निकालना तीनों देशों की बड़ी जिम्मेदारी है. ट्रंप के इस बयान से साफ संकेत मिला कि वह परमाणु हथियारों पर नियंत्रण को इस बैठक का अहम मुद्दा बनाना चाहते हैं.
पुतिन ने वैश्विक स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा पर दिया जोर
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि अगर रूस, चीन और अमेरिका रचनात्मक तरीके से मिलकर काम करते हैं तो वे वैश्विक स्थिरता को मजबूत कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि इस बैठक में वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों के साथ ऊर्जा सुरक्षा पर भी चर्चा होनी चाहिए.
रिपोर्ट के मुताबिक पुतिन ने बताया कि ट्रंप के साथ उनकी पिछली मुलाकात में मुख्य रूप से रूस-यूक्रेन युद्ध पर बातचीत हुई थी. यह मुद्दा भी तीनों देशों की बैठक में महत्वपूर्ण रह सकता है.
जिनपिंग बोले- परमाणु हथियारों को पूरी तरह खत्म करना जरूरी
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने परमाणु हथियारों पर नियंत्रण को लेकर ट्रंप की बात का समर्थन किया. चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, जिनपिंग ने कहा कि परमाणु हथियारों पर व्यापक रूप से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए और उन्हें पूरी तरह नष्ट करके परमाणु मुक्त दुनिया बनाने की दिशा में काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि परमाणु युद्ध कभी जीता नहीं जा सकता और न ही इसे लड़ा जाना चाहिए. इसे रोकने के लिए हर संभव प्रयास करना जरूरी है.