Tripura Temple Food Poisoning: त्रिपुरा में एक मंदिर के उद्घाटन के बाद प्रसाद खाने से एक शख्स की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक बीमार हो गए. फूड प्वाइजनिंग के शिकार सभी लोग धर्मनगर के दीवानपासा गांव के वार्ड-4 के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
दीवानपासा पंचायत के वार्ड क्रमांक-4 के रहने वाले अरुण नाथ के घर पर शिव मंदिर का उद्घाटन गुरुवार को किया गया था. इसके बाद यहां आए लोगों के बीच प्रसाद बांटा गया. प्रसाद खाने वाले लोगों को एक दिन बाद ही बुखार, उल्टी, दस्त और सिर दर्द जैसे लक्षणों का सामना करना पड़ा. परिजन ने इन्हें नजदीकी अस्पताल में एडमिट कराया.
शनिवार की रात धर्मनगर के शाकईबाड़ी स्थित एक नर्सिंग होम में 59 साल के शालिंद्र देबनाथ नाम के शख्स की मौत हो गई. अस्पताल में भर्ती एक अन्य की हालत भी गंभीर बताई जा रही है. घटना के सामने आने के बाद फूड सिक्योरिटी अफसरों की एक टीम अरुण नाथ के घर पहुंची और प्रसाद बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाले मसालों के कुछ पैकेट को इकट्ठा किया. टीम ने विभिन्न अस्पतालों में एडमिट लोगों से भी बातचीत भी की.
मृतक शालिंद्र देबनाथ के बेटे अनिक देबनाथ, दो अन्य व्यक्तियों सुदर्शन नाथ और आशुतोष नाथ ने मीडिया को बताया कि पिछले गुरुवार को प्रसाद-फल और खिचड़ी खाने के बाद लक्षण दिखाई दिए. उन्हें संदेह है कि यह फूड पॉइजनिंग की घटना है.
सोमवार यानी आज पुलिस ने घटना की जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, उत्तरी त्रिपुरा में एक शिव मंदिर के उद्घाटन समारोह में प्रसाद खाने के बाद 59 साल के एक शख्स की मौत हो गई. प्रथम दृष्टया मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है.
पुलिस के मुताबिक, जिस शख्स की मौत हुई है, वो गुरुवार यानी 11 जुलाई को धर्मनगर के दीवानपासा पंचायत में अरुण देबनाथ के घर में आयोजित समारोह में मौजूद थी. यहां मौजूद अन्य लोगों ने प्रसाद खाया था, जिसके बाद से उन्हें बुखार, उल्टी, दस्त और सिरदर्द का सामना करना पड़ा.
अन्य पीड़ितों का धर्मनगर जिला अस्पताल, साकईबारी नर्सिंग होम और बनरंग अस्पतालों में एडमिट कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. उत्तरी जिले के पुलिस अधीक्षक भानुपद चक्रवर्ती ने कहा कि मृतक के परिवार से किसी ने अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है.