एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कार का लंबे समय से इंतजार कर रहे भारतीयों की सोशल मीडिया पर वायरल खबरों ने धड़कनें बढ़ा दी हैं. बताया जा रहा है कि टेस्ला ने भारत में अपना प्लांट लगाने का का इरादा छोड़ दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टेस्ला ने अपना कार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू करने से पहले ही यू-टर्न मार दिया है. भारत के भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमार स्वामी के हवाले से खुद इसकी पुष्टि किए जाने की भी चर्चा है. लेकिन क्या सच में टेस्ला ने भारत से बोरिया- बिस्तर समेटने का इरादा बना लिया है, यह जानने के लिए इस खबर को पूरा पढ़ें.
दरअसल सोशल मीडिया पर चल रही इन खबरों के पीछे विदेशी मीडिया का हाथ है. हकीकत में ऐसा कुछ भी नहीं है. दो दिन पहले विदेशी वेबसाइटों Electric-Vehicles.com और Futunn,com ने इस अफवाह को हवा दी है. इसके लिए इन वेवसाइट्स ने लोकल भारतीय मीडिया का हवाला देते हुए कहा कि एलन मस्क की टेस्ला ने भारत में अपना कार मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट न लगाने का फैसला लिया है. रिपोर्ट्स में यहां तक कहा गया कि भारत के भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमार स्वामी खुद टेस्ला के इस फैसले की पुष्टि कर चुके हैं.
हद तो तब हो गई जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'Teslarati' नाम के यूजर ने केरल के वित्ता मंत्री केएन बालगोपाल को भारत का भारी उद्योग मंत्री बता दिया और उनके हवाले से टेस्ला को लेकर यह गलत खबर वायरल कर दी. असलियत क्या है, ये बात साफ करने के लिए भारी उद्योग मंत्रालय को बयान जारी करना पड़ गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारी उद्योग मंत्रालय ने टेस्ला की वापसी को लेकर उड़ाई जा रहीं अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है. मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमार स्वामी की ओर से इस तरह की कोई बात नहीं कही गई. मीडिया में चल रहा उनका बयान पूरी तरह निराधार और भ्रामक है. बताया जा रहा है कि मीडिया ने कुमार स्वामी की ओर से पिछले साल जारी किए गए एक बयान को तोड़मरोड़ कर पेश करने के बाद इस भ्रामक खबर की कथित पुष्टि की कोशिश की है.
विदेशी मीडिया ने एचडी कुमार स्वामी की ओर से पिछले साल दिए गए बयान को अपने हिसाब से पेश कर अफवाह फैलाने की कोशिश की है. पिछले साल जब डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ को लेकर चर्चाएं जोरों पर थीं, तब कुमार स्वामी ने कहा कि मर्सिडीज बेंज, स्कोडा फॉक्सवैगन, किआ और हुंडई ने इंडिया में इलेक्ट्रिक कारों का निर्माण करने में रूचि दिखाई है. उन्होंने कहा था कि टेस्ला से हमें कोई उम्मीद नहीं है. उनकी केवल दो शोरूम लांच करने की योजना है. यह बयान पुराना है, क्योंकि इस समय भारत में टेस्ला के चार शोरूम खुल चुके हैं- नई दिल्ली, मुंबई और बेगनुरु के अलावा टेस्ला गुरुग्राम में भी अपना शोरूम लांच कर चुकी है.