menu-icon
India Daily

10000 रुपए, मुफ्त बस यात्रा और फ्रीज देने का वादा... तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए AIADMK ने जारी किया घोषणा पत्र

रोजगार और कृषि क्षेत्र को लेकर भी घोषणापत्र में कई अहम बातें शामिल की गई हैं. AIADMK ने युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा करने और किसानों के लिए विशेष योजनाएं लागू करने का आश्वासन दिया है.

Anuj
Edited By: Anuj
10000 रुपए, मुफ्त बस यात्रा और फ्रीज देने का वादा... तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए AIADMK ने जारी किया घोषणा पत्र

नई दिल्ली: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले AIADMK ने मंगलवार को चेन्नई स्थित अपने मुख्यालय में चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया. घोषणा पत्र में आम जनता, खासकर महिलाओं और मध्यम वर्ग को ध्यान में रखते हुए कई वादे किए गए हैं. पार्टी का दावा है कि इन योजनाओं से महंगाई के दौर में लोगों को राहत मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.

घोषणापत्र में सबसे प्रमुख घोषणा राज्य के सभी परिवारों को 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की है. इसके अलावा महिलाओं के लिए हर महीने 2,000 रुपये भत्ता देने का वादा किया गया है. पार्टी ने पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने की भी बात कही है, जिससे रोजमर्रा के खर्च को कम करने में मदद मिल सके.

तीन मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा

इसके साथ ही हर परिवार को साल में तीन मुफ्त गैस सिलेंडर देने और राशन कार्ड धारक परिवारों की महिला मुखिया को मुफ्त रेफ्रिजरेटर देने का भी वादा किया गया है. पार्टी का कहना है कि ये योजनाएं सीधे तौर पर घरेलू खर्च को कम करने और जीवन स्तर सुधारने में मदद करेंगी.

युवाओं के लिए नए रोजगार

रोजगार और कृषि क्षेत्र को लेकर भी घोषणापत्र में कई अहम बातें शामिल की गई हैं. AIADMK ने युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा करने और किसानों के लिए विशेष योजनाएं लागू करने का आश्वासन दिया है. पार्टी का मानना है कि इन कदमों से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.

DMK सरकार पर निशाना साधा

घोषणा पत्र जारी करते हुए पलानीस्वामी ने सत्तारूढ़ DMK सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार बढ़ा है और व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी आई है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी सत्ता में आने पर साफ-सुथरा और जवाबदेह शासन देगी.

गठबंधन की जीत को लेकर विश्वास जताया

इस बीच सहयोगी दल तमिल मानिला कांग्रेस के नेता जीके वासन ने भी गठबंधन की जीत को लेकर विश्वास जताया है. उन्होंने कहा कि राज्य में गठबंधन के पक्ष में माहौल बन रहा है और जनता बदलाव चाहती है. गठबंधन के तहत सीटों का बंटवारा भी तय हो चुका है. इसमें BJP को 27 सीटें, पट्टाली मक्कल कच्ची को 18 और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम को 11 सीटें दी गई हैं, जबकि AIADMK खुद 178 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.