menu-icon
India Daily

भाभी के साथ रिश्ता बनाने से किया इंकार तो बेटे ने कर दी मां की हत्या, बोरे में बांधकर ऐसे छुपाई लाश

सूरत में एक हैरान करने वाला हत्या का मामला सामने आया है. 55 साल की महिला की हत्या उसके बेटे और बहू ने मिलकर कर दी है. आरोप है कि महिला उनके अवैध रिश्ते का विरोध कर रही थी, जिसके बाद यह खौफनाक साजिश रची गई.

babli
Edited By: Babli Rautela
भाभी के साथ रिश्ता बनाने से किया इंकार तो बेटे ने कर दी मां की हत्या, बोरे में बांधकर ऐसे छुपाई लाश
Courtesy: Social Media

सूरत: गुजरात के सूरत से एक बेहद चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है. यहां 55 साल की महिला हमीदा खातून की कथित तौर पर उनके ही बेटे, बहू और बहू के पिता ने मिलकर हत्या कर दी. पुलिस जांच में सामने आया कि महिला अपने छोटे बेटे परवेज़ और बड़ी बहू शबाना के बीच चल रहे अवैध रिश्ते का विरोध कर रही थीं. इसी वजह से परिवार में लगातार तनाव और झगड़े हो रहे थे. बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते तीनों आरोपियों ने मिलकर हमीदा खातून को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.

पुलिस के मुताबिक 10 मार्च को परवेज, शबाना और शबाना के पिता फिरोज आलम ने मिलकर हमीदा खातून की हत्या कर दी. आरोप है कि उन्होंने घर के अंदर ही महिला का गला घोंट दिया. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को तुरंत ठिकाने नहीं लगाया. उन्होंने शव को अगले दिन यानी 11 मार्च तक घर के अंदर ही छिपाकर रखा. बाद में शव को एक बोरे में पैक किया गया और उसे मंदिर के पास फेंक दिया गया ताकि किसी को शक न हो.

हत्या के बाद बेटे ने ही लिखवाई गुमशुदगी की रिपोर्ट

इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद परवेज़ खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपनी मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी. उसने पुलिस को बताया कि उसकी मां कपड़े खरीदने के लिए बाजार गई थीं और वापस घर नहीं लौटीं. हालांकि कुछ ही घंटों बाद पुलिस को एक प्लास्टिक के बोरे में बंधा हुआ शव मिला. शव के हाथ और पैर बंधे हुए थे और जांच में पता चला कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई है.

एक रस्सी से खुला हत्या का पूरा राज

शुरुआत में पुलिस को यह मामला किसी अज्ञात हत्या का लग रहा था. लेकिन जांच के दौरान एक अहम सुराग सामने आया. जब पुलिस ने हमीदा खातून के घर की तलाशी ली तो उन्हें वहां एक ऐसी रस्सी मिली जो शव के हाथ पैर बांधने में इस्तेमाल की गई रस्सी जैसी ही थी. इसके बाद पुलिस को परिवार के सदस्यों पर शक हुआ. जांचकर्ताओं ने जब परवेज़ और शबाना से पूछताछ की तो उनके बयानों में कई विरोधाभास सामने आए. लगातार पूछताछ के बाद आखिरकार दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया.

बिहार भागे आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ा

इस मामले में शबाना के पिता फ़िरोज़ आलम हत्या के बाद बिहार भाग गए थे. पुलिस ने तकनीकी निगरानी और बिहार स्पेशल टास्क फोर्स की मदद से उन्हें पटना रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद सीसीटीवी फुटेज में फ़िरोज़ आलम को एक सफेद बोरे में लाश ले जाते हुए देखा गया. यह फुटेज इस मामले में एक अहम सबूत बन गया है.