नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी को वोट देने के लिए एक शख्स ने अपनी भाभी की पिटाई कर दी. यह घटना 4 दिसंबर के दिन अहमदपुर थाना के अंतर्गत गांव बरखेड़ा हसन की है. जिसके बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए इस मामले में कार्रवाई की मांग की है. दरअसल आरोपी महिला शिवराज सरकार की लाडली बहना योजना की लाभार्थी है. इस वजह से उसने बीजेपी को वोट दिया था. BJP के पक्ष में चुनावी नतीजों के बाद उस महिला ने खुशी का इजहार करते हुए BJP को वोट देने की बात कहीं. फिर क्या था. घर में मौजूद उसका देवर उस महिला पर बिफर पड़ा.
पुलिस की एफआईआर में लिखा है "एक 30 वर्षीय शिकायतकर्ता अपनी बेटी के साथ पुलिस स्टेशन पहुंची और मौखिक शिकायत की कि 4 दिसंबर को शाम करीब 5 बजे उसके देवर जावेद खान ने उससे पूछा कि उसने BJP को वोट क्यों दिया? उस महिला ने जवाब दिया कि यह उनकी इच्छा है कि वह कहां वोट करेंगी. उसकी बातें सुनकर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया. जब पीड़िता ने गाली-गलौज न करने को कहा तो आरोपी ने उसे थप्पड़ मारना शुरू कर दिया और मारपीट करने लगा. इसी बीच आरोपी की पत्नी ने उसे बांस का डंडा दिया तो उसने उससे भी उस पर वार कर दिया. शिकायतकर्ता महिला ने मदद के लिए चिल्लाई जिसके बाद एक पड़ोसी ने उसे बचाने के लिए आया. आरोपी और उसकी पत्नी ने उसे चेतावनी भी दी कि अगर उसने भविष्य में उसकी बात नहीं मानी, तो वे उसे जान से मार देंगे"
महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जिले के अहमदपुर थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. इस बीच पसमांदा मुस्लिम महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष नौशाद खान ने भी घटना की कड़ी निंदा की. उन्होंने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
बीजेपी ने मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड बनाते हुए 18 सालों तक शासन करने के बाद सत्ता में वापसी की है. विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद 11 दिसंबर को भोपाल में विधायक दल की बैठक बुलाई गयी है. विधायक दल की बैठक के लिए तय किये गए पर्यवेक्षक नवनिर्वाचित विधायकों से चर्चा के बाद सीएम चेहरे का ऐलान करेंगे. भेजे गए पर्यवेक्षक इस बैठक में विधायकों की पंसद पूछने के साथ-साथ और आलाकमान की पंसद का नाम का प्रस्ताव भी रखेंगे. उसके बाद सर्वसम्मति से सीएम पद के नाम का ऐलान होगा. बीजेपी ने मध्य प्रदेश के लिए हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लक्ष्मण और राष्ट्रीय सचिव आशा लकड़ा के नाम का ऐलान किया है.