menu-icon
India Daily
share--v1

'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का दूसरा दिन; राहुल गांधी सेकमाई पहुंचे, समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत

14 जनवरी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मणिपुर में हरी झंडी दिखा कर साथ 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' की शुरुआत की. घने कोहरे के कारण कांग्रेस नेताओं की फ्लाइट लेट हो गई थी.

auth-image
Manish Pandey
Bharat Jodo Nyay Yatra

हाइलाइट्स

  • मणिपुर से मुंबई तक 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' हुई शुरू
  • अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस की यात्रा को कहा 'छलावा'

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का आज दूसरा दिन है. मणिपुर के इम्फाल वेस्ट से यात्रा शुरू करने के बाद राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' इस समय वेस्ट इम्फाल के सेकमई में है. जैसे ही राहुल गांधी सेकमई पहुंचे, वहां के स्थानीय लोगों ने बहुत जोर-शोर से राहुल गांधी का स्वागत किया. इसके साथ ही कलाकारों ने मणिपुर का पारंपरिक नृत्य भी किया. इसके अलावा बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस समर्थकों ने राहुल गांधी और कांग्रेस के पक्ष में नारे भी लगाए. पहले दिन मणिपुर के थौबल जिले के खोंजोम से शुरू होकर ये यात्रा वेस्ट इंफाल के कोइरेंगेई तक चली. बता दें, कांग्रेस ने राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा के बाद 14 जनवरी को मणिपुर के थौबल से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू की.

पहले ये यात्रा सेंट्रल इम्फाल से शुरू होने वाली थी, लेकिन मणिपुर की तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह ने कांग्रेस को इसकी इजाजत नहीं दी थी. सुबह 11:30 बजे के करीब राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेता इंडिगो की स्पेशल फ्लाइट से इम्फाल पहुंचे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मणिपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में हरी झंडी दिखा कर 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' की शुरुआत की. 

अनुमति न मिलने की वजह से इम्फाल से 25 किलोमीटर दूर थौबल से शुरू होने वाली यात्रा 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी. इस दौरान राहुल गांधी अन्य कांग्रेसी नेताओ के साथ मणिपुर से मुंबई तक करीब 6713 किलोमीटर की यात्रा तय करेंगे. ये दूरी राहुल गांधी बस से तय करने वाले हैं. इसके साथ ही कई अहम जगहों पर वो पैदल मार्च भी करेंगे. 

'जन की बात सुनने आ रहे हैं, मन की सुनाने नहीं' 

'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' की शुरुआत से पहले जनता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी पर भी जम कर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि "न्याय की हुंकार के रूप में, देश भर में हो रहे भयंकर अन्याय के विरुद्ध, आज से भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत हो चुकी है. हम जन की बात सुनने आ रहे हैं, मन की बात सुनाने नहीं. हम जनता का दुख-दर्द समझने, उनसे संवाद करने आ रहे हैं, और इसी ज़मीनी संवाद से निकलेगा शांतिपूर्ण, समृद्ध और शक्तिशाली भारत के निर्माण का विज़न" इसके साथ ही उन्होंने भारत का विजन बताते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि "‘भारत का विज़न’ - जिसका आधार समानता, भाईचारा और सद्भाव हो, जिसमें नफ़रत, हिंसा और एकाधिकार की कोई जगह न हो"

इसके साथ ही उन्होंने मणिपुर से अपनी यात्रा शुरू करने और प्रधानमंत्री मोदी के मणिपुर न जाने पर भी तंज कसते हुए कहा, "शायद नरेंद्र मोदी के लिए, BJP और RSS के लिए मणिपुर देश का भाग ही नहीं है. आपका जो दुख है, आपका जो दर्द है वो उनका दुख, उनका दर्द नहीं है"

15 राज्यों और 110 जिलों को करेंगे कवर 

राहुल गांधी मणिपुर से मुंबई तक की 67 दिनों की यात्रा के दौरान 15 राज्यों और 110 जिलों से गुजरेंगे. इसके साथ ही ये यात्रा 100 लोकसभा सीटों और 337 विधानसभा सीटों को भी कवर करेगी.  कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 'पिछले 10 सालों में हुए राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अन्याय को ध्यान में रखते हुए ये यात्रा निकाली जा रही है".

'कांग्रेस की न्याय यात्रा एक धोखा' - अनुराग ठाकुर

केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर टिप्पणी करते हुए इसे सिर्फ एक धोखा बताया. उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस की न्याय यात्रा एक छलावा है.  राहुल गांधी और सोनिया गांधी लोगों को न्याय देने की बात करते हैं लेकिन हकीकत यह है कि कांग्रेस नेता खुद न्याय से वंचित हैं. ऐसे नेताओं की एक लंबी फेहरिस्त है जिन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है क्योंकि उन्हें पार्टी में ही न्याय नहीं मिला'.