नई दिल्ली: G20 के डिनर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को शामिल न किए जाने को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर हमलावर रूख अपना लिया है. मल्लिकार्जुन खड़गे को न्योता नहीं दिए जाने पर शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है.
"मोदी विपक्ष के नेता हुए तो हम परंपरा का करेंगे पालन"
संजय राउत ने बड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि "जब किसी राजा का मन छोटा होता है तो ऐसी हरकत होती है. आप देवगौड़ा और मनमोहन सिंह को बुलाते हैं जो चल भी नहीं सकते हैं लेकिन मल्लिकार्जुन खरगे को नहीं बुला रहे. इससे उनका डर झलकता है. अगर इंडिया गठबंधन सत्ता में आए और मोदी विपक्ष के नेता हुए तो हम परंपरा को फॉलो करेंगे और उन्हें न्योता देंगे. दुनियाभर के नेता एक साथ आ रहे हैं लेकिन आप विपक्ष के सबसे बड़े नेता को जगह नहीं देते है तो यह दुखद है"
जानें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के डिनर में कौन-कौन आमंत्रित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से जी-20 डिनर के में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एचडी देवेगौड़ा के साथ-साथ सभी राज्यों के सीएम को आमंत्रित किया गया है. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एचडी देवेगौड़ा ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए आने से इंकार कर दिया है. वहीं बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों हिस्सा लेंगे.
वहीं कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस डिनर में शामिल हो रहे हैं. मौजूदा वक्त में चार राज्यों में कांग्रेस की सरकार है. इनमें कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपनी व्यस्तता के कारण दिल्ली नहीं आ रहे हैं. केवल हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ही इस डिनर में शामिल होंगे. जी-20 के रात्रिभोज में मौजूदा कैबिनेट, विदेशी प्रतिनिधि सांसदों और मंत्रियों के अलावा देश के कुछ पूर्व सीनियर नेता भी शामिल होंगे. वहीं इस कार्यक्रम देश देश के बड़े उद्योगपित मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, एन चंद्रशेखरन, कुमार मंगलम भी शामिल होंगे.
यह भी पढ़ें: 'राहुल गांधी चीन के चंदे पर पल कर उगलते हैं भारत विरोधी जहर...', BJP नेता के बयान से मचा कोहराम