menu-icon
India Daily

फरवरी में ही तपने लगा बिहार, दिन में 30 पार पारा; रात में हल्की सिहरन बरकरार

बिहार में फरवरी के महीने में ही अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड का असर बना हुआ है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
फरवरी में ही तपने लगा बिहार, दिन में 30 पार पारा; रात में हल्की सिहरन बरकरार
Courtesy: Pinterest

पटना: बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. फरवरी में ही कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि रात में हल्की ठंड महसूस की जा रही है. उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, उत्तर पूर्व और दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में 18 से 23 फरवरी के बीच तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है. मौसम विभाग ने फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया है.

फरवरी में बदला मौसम का रंग

बिहार में फरवरी का महीना इस बार असामान्य गर्मी का संकेत दे रहा है. सुबह और रात में हल्की गुलाबी ठंड बनी हुई है, लेकिन दिन में निकल रही तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है.

स्थिति यह है कि कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में पारे में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.

उत्तर पश्चिम बिहार में 30 डिग्री तक पारा

पश्चिम चंपारण, सीवान, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में 18 फरवरी को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 19 फरवरी को भी स्थिति लगभग समान रहेगी. वहीं 20 फरवरी को इन जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है.

उत्तर मध्य और उत्तर पूर्व जिलों में भी बढ़ेगा तापमान

सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में 18 फरवरी को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 20 और 21 फरवरी को यह 30 से 32 डिग्री तक जा सकता है. सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में भी 19 से 22 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान है.

दक्षिण पश्चिम बिहार में दिन गर्म, रात ठंडी

बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. 20 से 23 फरवरी के बीच यहां भी अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री तक जाने की संभावना है.

मध्य और दक्षिण पूर्व बिहार में भी बढ़ोतरी के संकेत

पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, जहानाबाद और लखीसराय में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आगे यह 32 डिग्री तक जा सकता है. भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में भी आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है.