menu-icon
India Daily

'अगर गोविंदा सुधर जाए तो मैं माफ कर दूंगी...', तलाक की अफवाहों के बीच ये क्या बोल गईं सुनीता आहूजा

गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सुनीता ने खुलकर अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि अगर गोविंदा बदल जाएं तो वह उन्हें माफ करने को तैयार हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
'अगर गोविंदा सुधर जाए तो मैं माफ कर दूंगी...', तलाक की अफवाहों के बीच ये क्या बोल गईं सुनीता आहूजा
Courtesy: Social Media

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा इन दिनों अपने निजी रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में सुनीता ने पति पर एक संघर्ष कर रही एक्ट्रेस के साथ नजदीकियों का आरोप लगाया था. उनका दावा था कि वह अभिनेत्री अभिनेता को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है. अपने एक हालिया व्लॉग में सुनीता ने कुछ पत्रकारों से बातचीत की. इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वह गोविंदा को माफ करेंगी, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भविष्य का भरोसा नहीं होता. उन्होंने कहा कि वह उनका बचपन का प्यार हैं और अगर वह बदल जाएं और परिवार के हिसाब से चलें तो वह उन्हें माफ कर देंगी.

सुनीता ने यह भी कहा कि वह मीडिया में चल रही खबरें सुनना नहीं चाहतीं. उनके मुताबिक यह उम्र ऐसी बातों को सहने की नहीं है. उन्होंने बताया कि वह मेनोपॉज के दौर से गुजर रही हैं और इस समय हर महिला को अपने पति और बच्चों के सहयोग की जरूरत होती है. उनका कहना था कि ऐसे समय में मानसिक स्थिति बदलती रहती है और परिवार का साथ बहुत जरूरी होता है.

तलाक की अफवाहों पर गोविंदा ने भी दी सफाई

कुछ दिन पहले एएनआई को दिए इंटरव्यू में गोविंदा ने भी इन आरोपों पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा कि उन पर आरोप लगते रहे हैं और यह सब रिश्तों की जटिलता का हिस्सा है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अपने करियर में कई बड़ी एक्ट्रेसेस के साथ काम किया है और कभी किसी के साथ गलत व्यवहार नहीं किया.

गोविंदा ने नए कलाकारों से अपील की कि वे उनके या उनके प्रोडक्शन हाउस के साथ काम करने से न घबराएं. उन्होंने अपनी पत्नी के बयानों के कारण किसी को ठेस पहुंची हो तो उसके लिए खेद भी जताया.

रिश्ते पर टिकी निगाहें

दोनों के बयानों के बाद अब सभी की नजर इस बात पर है कि आगे क्या होगा. सुनीता ने साफ कर दिया है कि माफी संभव है लेकिन शर्त के साथ. वहीं गोविंदा ने भी अपने पक्ष को सामने रखा है. फिलहाल यह मामला निजी जिंदगी से जुड़ा है लेकिन सार्वजनिक बयानों के कारण चर्चा में बना हुआ है. अब देखना होगा कि यह रिश्ता किस दिशा में आगे बढ़ता है.