कोलकाता: पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव उस समय बढ़ गया जब बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. दरअसल पूर्व बर्दवान जिले के बर्दवान शहर के सियालडांगा मोर क्षेत्र में चुनावी प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए.
यह झड़प इतनी उग्र हो गई कि दोनों तरफ से कई लोग घायल हो गए. TMC और BJP ने अलग-अलग आरोप लगाए हैं. एक तरफ जहां BJP ने TMC पर बेरहमी से हमला करने का दावा किया, वहीं TMC ने BJP पर उनकी दीवारों पर जबरन पोस्टर चिपकाने और मारपीट का इल्जाम लगाया. पुलिस ने हस्तक्षेप कर हालात काबू में कर लिए हैं, लेकिन इलाके में अभी भी तनाव है.
BJP का कहना है कि उनके कार्यकर्ता गृह संपर्क अभियान चला रहे थे, उसी वक्त TMC नेता श्यामल रॉय और उनके साथियों ने अचानक उनपर हमला कर दिया. पार्टी ने दावा किया है कि TMC ने एक कार्यकर्ता को सड़क पर अकेला पाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की है. हालांकि, BJP के जवाबी विरोध के कारण TMC को इलाका छोड़ना पड़ा. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
वहीं TMC के बर्दवान शहर उपाध्यक्ष श्यामल रॉय ने BJP के आरोपों को सिरे से नकार दिया है. उनका कहना है कि BJP कार्यकर्ताओं ने उनकी पार्टी की दीवारों पर जबरदस्ती पोस्टर लगाए. जब TMC समर्थकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो BJP नेता खोकोन सेन के निर्देश पर उनके कार्यकर्ताओं पर हमला कर किया गया. TMC ने आरोप लगाया कि BJP ने उनकी महिला कार्यकर्ताओं को भी निशाना बनाया है.
झड़प में दोनों दलों के कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं. बर्दवान पुलिस ने फौरन मौके पर पहुंचकर दोनों गुटों को अलग किया और स्थिति नियंत्रित नियंत्रण में लिया. TMC नेता श्यामल रॉय और BJP प्रवक्ता शांतनु दे ने अपने घायल साथियों के पक्ष में बयान दिए. पुलिस अब पूरी घटना की जांच में जुटी है ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके.
इलाके में अभी भी भारी तनाव बना हुआ है. पुलिस निरंतर निगरानी कर रही है. दोनों पार्टियां एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रही हैं. इस तरह की घटनाएं चुनावी माहौल को और गरम कर सकती हैं. स्थानीय लोग शांति की अपील कर रहे हैं, जबकि प्रशासन सतर्क है.