ममता सरकार में बचाए गए मुख्य आरोपी, आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप कांड पर CM सुवेंदु का बड़ा आरोप
बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने चर्चित आरजी कर मेडिलक कॉलेज में हुए रेप और हत्याकांड मामले में पिछली ममता सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं.
कोलकाता: बंगाल में बीजेपी की सरकार आते ही ताबड़तोड़ एक्शन किया जा रहा है. इसी कड़ी में सीएम सुवेंदु अधिकारी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुए रेप और हत्याकांड मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले में कई पुलिस अधिकारियों को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है. सुवेंदु ने कहा कि पिछली सरकार के इशारे पर कई प्रशासनिक अधिकारियों ने काम किया था और अब उनकी भूमिका की भी जांच की जाएगी.
परगना जिले में सभा के संबोधन में ममता पर बोला हमला
डायमंड हार्बर के दक्षिण 24 परगना जिले के दौरे के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला है. फाल्टा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने एक बार फिर आरजी कर मामले का जिक्र किया.
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने मुख्य आरोपियों को बचाने की कोशिश की थी. साथ ही उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों ने सबूत मिटाने या पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने की कोशिश की थी उनकी जांच चल रही है और आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
कई पुलिस अधिकारी पहले ही सस्पेंड
उन्होंने बताया कि इस मामले में कई पुलिस अधिकारियों को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय कई प्रशासनिक अधिकारी राजनीतिक निर्देशों के अनुसार काम कर रहे थे. ऐसे सभी अधिकारियों से पूछताछ की जाएगी और उनकी भूमिका की जांच भी होगी.
उन्होंने यह भी बताया कि डायमंड हार्बर पुलिस जिले के अधिकारियों के कॉल रिकॉर्ड और व्हाट्सएप चैट जुटाए गए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसके आदेश पर राजनीतिक हिंसा और सत्ता का दुरुपयोग किया गया था. सुवेंदु के अनुसार पुलिस का इस्तेमाल विपक्षी कार्यकर्ताओं को डराने और परेशान करने के लिए किया गया था.
अभिषेक बनर्जी पर लगाए आरोप
इसके साथ ही उन्होंने अभिषेक बनर्जी की संपत्तियों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि कोलकाता नगर निगम से कुछ दस्तावेज मंगाए गए हैं जिनमें कई संपत्तियों का जिक्र है. उन्होंने दावा किया कि इन संपत्तियों की जांच होगी और अगर कोई गड़बड़ी मिली तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने अमतला में स्थित एक बड़े कार्यालय का भी जिक्र किया और कहा कि सभी फायनेंशियल मामलों की जांच की जाएगी. उन्होंने चुनावी हिंसा और राजनीतिक बदले की बात करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर बीजेपी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया है.