menu-icon
India Daily

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच तेल बचत मिशन तेज, CRPF ने पेट्रोल-डीजल बजट में 10% कटौती की, ITBP भी आगे आई

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तेल बचत अपील का असर दिखने लगा है. CRPF ने पेट्रोल-डीजल बजट में 10% कटौती का फैसला लिया है, जबकि ITBP ने विदेशी दौरों पर रोक लगा दी है.

Dhiraj Kumar Dhillon
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच तेल बचत मिशन तेज, CRPF ने पेट्रोल-डीजल बजट में 10% कटौती की, ITBP भी आगे आई
Courtesy: Social Media

मिडिल ईस्ट में चल रही टेंशन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तेल (पेट्रोल-डीजल) बचाने की अपील धीरे-धीरे अभियान की शक्ल लेती दिख रही है. केंद्र सरकार के साथ ही तमाम राज्य सरकारों ने अपने वाहनों में कटौती की है. मुख्यमंत्रियों ने अपनी फ्लीट में वाहनों की संख्या कम की है, इसी के साथ सबसे बड़ी खबर अर्द्ध सैनिक बलों से आ रही है. देश के सबसे बड़े अर्द्ध सैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने अपने वाहनों के डीजल और पेट्रोल के बजट में 10 परसेंट की कटौती करने का ऐलान किया है.

अधिकारियों को केवल एक गाड़ी, साइकिल से गश्त करेंगे जवान

सीआरपीएफ मुख्यालय की ओर से जारी किए गए आदेश में साफ कहा गया है कि अब कोई भी अधिकारी एक से अधिक गाडी का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा. इतना ही नहीं मुख्यालय ने डीजल और पेट्रोल के बचत के लिए जवानों से सुझाव भी मांगे गए हैं. इसके अलावा मुख्यालय की ओर से इस बात के भी आदेश जारी किए गए हैं कि जहां तक संभव हो, जवान गश्त के लिए मोटरसाइकिल के स्थान पर साइकिल का इस्तेमाल करें. साइकिल से गश्त करने के आदेश से पेट्रोल तो बचेगा ही, साथ ही जवानों की फिटनेस भी बनी रहेगी, लेकिन संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त के ल‌िए मोटरसाइकिल का प्रयोग किया जा सकेगा.

आईटीबीपी ने विदेशी दौरों पर लगाई रोक, दूसरे उपाय भी किए

प्रधानमंत्री मोदी की मितव्यता वाली अपील पर गौर करते हुए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने बड़ा फैसला लिया है. आईटीबीपी ने तत्काल प्रभाव से विदेश दौरों पर रोक लगाने का ऐलान किया है, इसके साथ ही प्रशासन कार्यों में लगी गाडियों की संख्या भी कम की जाएगी. सीआरपीएफ और आईटीबीपी ने कहा है कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता किए बिना पेट्रोल और डीजल बचाने के उपायों पर अमल किया जाएगा. आतंकवाद विरोधी अभियान को संवेदनशील डयूटियों को कटौती से पूरी तरह बाहर रखा गया है.