'नीतीश कुमार खत्म हो चुके हैं', JDU से निकाले जाने के बाद बोले बिहार के बाहुबली अनंत सिंह

JDU से छह साल के लिए निष्कासित किए गए मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला किया है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के बिना JDU का कोई भविष्य नहीं है और पार्टी चुनाव में बड़ा नुकसान उठा सकती है.

Pinterest
Km Jaya

बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. JDU से छह साल के लिए निष्कासित किए गए मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है. अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के बिना JDU का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है और पार्टी अब खत्म हो चुकी है. उन्होंने अपने निष्कासन पर भी किसी तरह का अफसोस नहीं जताया.

पार्टी से बाहर किए जाने के एक दिन बाद रविवार को अनंत सिंह पहली बार पटना में सार्वजनिक रूप से सामने आए. उन्होंने JDU की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी नीतीश कुमार की बनाई हुई है और उनके बिना इसकी राजनीतिक अहमियत नहीं रह जाती. उन्होंने पार्टी के मौजूदा नेतृत्व पर भी तीखी टिप्पणी की.

अनंत सिंह ने क्या कहा?

अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें पार्टी से निकाले जाने का कोई पछतावा नहीं है. उन्होंने दावा किया कि उन्हें निष्कासन की जानकारी पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर नहीं, बल्कि मीडिया के जरिए मिली. उन्होंने कहा कि वह किसी दूसरी पार्टी में जाने के बजाय अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी बनाने पर विचार कर रहे हैं.


अनंत सिंह ने यह भी दावा किया कि आने वाले चुनाव में JDU को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि पार्टी शायद 10 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि असली फैसला जनता करेगी और चुनाव में जनता ही बताएगी कि किसने सही किया और किसने गलत.

नीतीश कुमार से रिश्ते अब भी बरकरार

JDU पर हमला करने के बावजूद अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के साथ अपने व्यक्तिगत रिश्ते को लेकर अलग रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के साथ उनके संबंध अभी भी अच्छे हैं और उनके बीच कोई दूरी नहीं है. अनंत सिंह ने कहा कि वह नीतीश कुमार का सम्मान करते हैं और जरूरत पड़ने पर उनसे मुलाकात भी करेंगे.

उन्होंने कहा कि जनता ही सबसे बड़ी ताकत है. अगर उनसे कोई गलती हुई है तो जनता उसका जवाब देगी और अगर पार्टी ने गलत फैसला लिया है तो पार्टी को भी जनता के सामने जवाब देना होगा.

क्यों निकाले गए अनंत सिंह?

JDU ने शनिवार को अनंत सिंह और उनकी पत्नी एवं पूर्व विधायक नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. बिहार JDU अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि अनंत सिंह पर पार्टी के निर्देशों की अनदेखी करने, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने और हाल के विधान परिषद चुनाव में विरोधी उम्मीदवार के लिए प्रचार करने का आरोप है.

अनंत सिंह ने विधान परिषद चुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का खुलकर समर्थन किया था. उन्होंने JDU के MLC नीरज कुमार को हराने की बात भी कही थी. उन्होंने चुनाव परिणाम आने से पहले ही अनुज सिंह की जीत का दावा किया था. JDU ने विधानसभा अध्यक्ष से अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता खत्म करने की सिफारिश भी की है. उनकी पत्नी नीलम देवी पर भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है.