नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तमिलनाडु के चक्रवात मिचौंग प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया. एरियल सर्वेक्षण के बाद चक्रवात से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए राजनाथ सिंह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ चर्चा भी की. राजनाथ सिंह और सीएम स्टालिन के बीच बैठक में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पुलिस, नौसेना और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे. बैठक के दौरान राजनाथ सिंह को चक्रवात, इससे हुए नुकसान और केंद्र से आवश्यक राहत के बारे में जानकारी दी गई. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हवाई सर्वेक्षण के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ केंद्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन, तमिलनाडु के वित्त मंत्री थंगम थेनारासु और राज्य के मुख्य सचिव मौजूद रहे.
Conducted an aerial survey of flood affected areas in Chennai and nearby rural areas. pic.twitter.com/0zl8HbMbdC
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) December 7, 2023
इस बीच केंद्र सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) की दूसरी किस्त के अपने हिस्से से आंध्र प्रदेश को 493.60 करोड़ रुपये और तमिलनाडु को 450 करोड़ रुपये जारी कर दिए क्योंकि दोनों राज्य चक्रवाती तूफान मिचौंग से प्रभावित हैं. दो दिन पहले चक्रवात मिचौंग के टकराने के बादभारी बारिश के कारण गुरुवार को भी चेन्नई के कई इलाके गंभीर जलजमाव की स्थिति देखने को मिली. भारी बारिश के बाद पल्लीकरनई इलाके में एक पेट्रोल पंप, जेरूसलम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग सहित शहर के विभिन्न हिस्से जलमग्न हो गए. क्षेत्र में भारी बारिश के कारण डिंडीगुल जिले में कोडाइकनाल पहाड़ियों पर झरने भी उफान पर हैं. तमिलनाडु सरकार ने चक्रवात के बाद गंभीर बाढ़ के कारण चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू में सभी स्कूलों और कॉलेजों के लिए छुट्टी की घोषणा कर दी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है, जिन्होंने चक्रवात में अपने प्रियजनों को खो दिया है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा "मेरी संवेदनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जिन्होंने चक्रवात मिचौंग के कारण अपने प्रियजनों को खो दिया है. मेरी प्रार्थनाएं इस चक्रवात के मद्देनजर घायल या प्रभावित लोगों के साथ हैं. प्रभावित लोगों की सहायता के लिए जमीन पर अथक प्रयास कर रहे हैं और जारी रखेंगे. स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक काम जारी रहेगा''
My thoughts are with the families of those who have lost their loved ones due to Cyclone Michaung, especially in Tamil Nadu, Andhra Pradesh and Puducherry. My prayers are with those injured or affected in the wake of this cyclone. Authorities have been working tirelessly on the…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 6, 2023
अपने ऑपरेशन के तहत भारतीय वायुसेना ने चेन्नई में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कुल 2,300 किलोग्राम राहत सामग्री गिराई. भारतीय वायुसेना तमिलनाडु सरकार के साथ संपर्क में काम कर रही है. जबकि राज्य में विभिन्न एजेंसियों द्वारा राहत सामग्री प्रदान की जा रही है.