IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

160 की स्पीड से दौड़ रही थी कार, नंबरप्लेट भी नहीं था; जानें Porsche केस में अब तक के अपडेट्स

Pune Porsche Accident Updates: पुणे में पोर्शे कार से दो लोगों को कुचलने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. कार चला रहे नाबालिग के पिता को पुलिस ने औरंगाबाद से गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, पुलिस ने कार चला रहे नाबालिग के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए हाई कोर्ट से अनुमति मांगने की बात कही है. आइए, जानते हैं मामले में अब तक के अपडेट्स.

India Daily Live

Pune Porsche Accident Updates: पुणे में पोर्शे कार हादसा मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. हादसे के वक्त का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कार करीब 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ती दिख रही है. दावा किया जा रहा है कि जिस वक्त कार से बाइक सवार दो लोगों को कुचला गया, कार चला रहा नाबालिग नशे में था. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी नाबालिग के कारोबारी पिता को औरंगाबाद से गिरफ्तार कर लिया है. कहा जा रहा है कि जिस कार से हादसा हुआ, उसमें नंबर प्लेट भी नहीं लगा था. 

पुलिस को हादसे का सीसीटीवी फुटेज मिला है जो शनिवार रात का बताया जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि कल्याणीनगर इलाके में एक पोर्शे से हादसा हुआ. इस दौरान कार चला रहा नाबालिग नशे में पब से लौट रहा था. पुलिस को जो सीसीटीवी फुटेज मिला है, उसके मुताबिक हादसे के वक्त कार की स्पीड 160 किलोमीटर प्रति घंटे थी. हादसे के बाद आसपास के लोगों ने नाबालिग को कार से निकाला और पुलिस को सौंप दिया.

मामले में अब तक क्या-क्या अपडेट?

आरोप है कि नशे में होने के बावजूद पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल नहीं कराया. कुछ रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सैंपल अस्पताल भेजा गया है, लेकिन जांच रिपोर्ट अब तक नहीं आई है. ये भी जानकारी सामने आई है कि हादसे की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम या सीनियर पुलिस अधिकारियों को नहीं दी गई थी. पुलिस ने बताया कि लग्जरी पार्शे कार को येरवडा पुलिस स्टेशन में खड़ा कर दिया गया है और आरटीओ स्टाफ ने सोमवार को कार का इंस्पेक्शन भी किया. इस बात की भी जांच शुरू कर दी गई है कि मार्च में रजिस्टर्ड कार अब तक बिना नंबर प्लेट के कैसे चल रही थी?

शनिवार की रात को क्या हुआ था?

12वीं की परीक्षा दे चुका 17 साल का आरोपी अपने दो दोस्तों के साथ कार से मुंडवा के कोझी होटल एंड बार में पार्टी करने गया था. वहां उसके 10 से 12 अन्य दोस्त भी थे. लड़कों के नाबालिग होने के बावजूद बार के मालिक प्रहलाद भूतड़ा और मैनेजर सचिन अशाेक काटकर ने उन्हें शराब सप्लाई की. इसके बाद आराेपी शराब पीने के लिए होटल ब्लैक में गया. जब पुलिस ने होटल मैनेजर संदीप सांगले और बार काउंटर जयेश बेनकर से पूछताछ की, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने बच्चों की उम्र का पता लगाए बिना उन्हें शराब पिलाई थी.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी नाबालिग कार चलाने में माहिर नहीं था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था. इस मामले में प्रह्लाद भूतड़ा, सचिन काटकर, संदीप सांगले, जयेश बेनकर और लड़के के पिता के खिलाफ येरवडा पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. उधर, महाराष्ट्र के गृह मंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने पुणे पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार से फोन पर इस मामले पर चर्चा की. इस घटना में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है. हालांकि इस मामले में नाबालिग आरोपी को जमानत मिल गई है, लेकिन उसके खिलाफ कोर्ट में अपील दायर करने के निर्देश दिए गए हैं.