पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में एक महिला वकील के साथ कथित तौर पर रेप हुआ है. महिला ने आरोप लगाया है कि पुणे में एक चलती कार के अंदर उसका रेप किया गया है. पुलिस ने बताया कि महिला पटना से है. वो मुंबई हाई कोर्ट में प्रैक्टिस कर रही है और अपने किसी काम के चलते वो पुणे आई थी. यहां पर महिला कोरेगांव पार्क स्थित एक फाइव-स्टार होटल में रुकी थी.
पूरा मामला क्या है, ये हम आपको आगे बताते हैं. उससे पहले ये बता दें कि जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले से जुड़े तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है. वहीं, चौथे आरोपी की तलाश जारी है. जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनमें अभिषेक नवनाथ मुक्ते, धनंजय सोरटे और आदेश शिंदे बताया जा रहा है.
खबरों के अनुसार, महिला ने यहां पर एक व्यक्ति को बुलाया था, जिससे उसकी पहचान एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई थी. वह व्यक्ति अपने साथ दो महिलाओं को लेकर होटल पहुंचा था. कुछ देर पार्टी करने के बाद वो तीनों वहां से चले गए. फिर महिला वहां अकेली थी. यहां पर शराब पीते समय उसकी बात बराबर की टेबल पर बैठे दो लोगों से हुई.
फिर महिला और उन दोनों लोगों का प्लान बना कि वो किसी दूसरे पब में जाकर पार्टी करेंगे. फिर तीनों होटल से निकल गए. सफर के दौरान दोनों लोगों ने महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया. फिर कथित तौर पर उन्होंनें अपने दो दोस्तों को कॉल किया और स्पीकर फोन पर रखा. फिर चारों लोगों ने मिलाकर महिला के लिए अश्लील टिप्पणियां कीं.
महिला को इस घटना से काफी गुस्सा आया और उसने दोनों आरोपियों को कहा कि वो अपने दोनों दोस्तों को बुलाए और उनसे माफी मंगवाए. फिर जब गाड़ी रुकी तो बाकी के दोनों लोग भी वहां पहुंच गए. पांचों के बीच काफी कहा-सुनी हुई. पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला सड़क पर छोड़कर फरार हो गए. महिला ने एक लोकल रेसिडेंट से मदद मांगी और अपने एक दोस्त को कॉन्टैक्ट किया. फिर महिला ने कोरेगांव पार्क पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज करवाई.