प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा से रिटायर हो रहे सांसदों की तारीफ की है. साथ ही उन्होंने खास संदेश देते हुए कहा कि राजनीति में कोई पूर्णविराम नहीं होता है.
10 राज्यों के 37 राज्यसभा सीटों के मतदान पूरे हो चुके हैं. इसी के साथ अब नए सदस्यों ने सदन में एंट्री ली है. वहीं कुछ सदस्यों ने रिटायरमेंट ले ली. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी सांसदों की तारीफ की.
पीएम मोदी ने रिटायरमेंट ले रहे सदस्यों के योगदान की तारीफ की और कहा कि राज्यसभा हमेशा चलती रहती है, यहां अनुभव और बुद्धिमत्ता की बहुत कीमत है. उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई फुल स्टॉप नहीं होता. जनसेवा का सफर कार्यकाल खत्म होने के बाद भी जारी रहता है. उन्होंने आज के युवा नेताओं को कहा कि अनुभवी नेताओं से सीखने की जरूरत है. सदन में कई मुद्दों पर बहस होती है और इस बहस में सब की अपनी भूमिका है. उन्होंने कहा किऐसे समय में आपसी सम्मान पार्टी की दीवारों से ऊपर उठ जाता है. पीएम ने कहा कि राजनीति का सफर कभी खत्म नहीं होता, योगदान सदन छोड़ने के बाद भी जारी रहता है.
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार जैसे वरिष्ठ नेताओं का खास तौर पर जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने जीवन का बड़ा हिस्सा संसदीय सेवा में लगाया है. इतने लंबे अनुभव के बावजूद नए सांसदों को उनसे बहुत कुछ सीखना चाहिए, समर्पण के साथ सदन में आना और समाज की जिम्मेदारी निभाना इनके गुण हैं.
प्रधानमंत्री ने उनके योगदान की दिल से सराहना की. वहीं उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह की भी खूब प्रशंसा की. पीएम मोदी ने कहा कि हरिवंश जी को लंबे समय तक जिम्मेदारी निभाने का मौका मिला. वे लेखन में कुशल हैं और बहुत मेहनती भी. उन्होंने पूरे देश का दौरा किया और पूरी लगन से कर्तव्य निभाए.
पीएम मोदी ने कहा कि राज्यसभा कभी अपने जीवंत हास्य और व्यंग्य के लिए मशहूर थी, लेकिन अब ऐसे पल कम हो गए हैं. उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले की तारीफ करते हुए उन्हें सदाबहार बताया. कहा कि अठावले भले ही जा रहे हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी हमेशा महसूस होगी. वे सदन में भरपूर हास्य और व्यंग्य लाते थे.