menu-icon
India Daily

रेलवे स्कूल से BA तक का सफर, जानिए शिक्षा मंत्रालय संभालने वाले प्रह्लाद जोशी की पूरी एजुकेशन प्रोफाइल

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की नई जिम्मेदारी संभालने वाले प्रह्लाद जोशी की शिक्षा और शैक्षणिक सफर चर्चा में है. उन्होंने कर्नाटक विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेज से बीए की डिग्री हासिल की है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
रेलवे स्कूल से BA तक का सफर, जानिए शिक्षा मंत्रालय संभालने वाले प्रह्लाद जोशी की पूरी एजुकेशन प्रोफाइल
Courtesy: X (@AjayPandeyAAS)

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद ये जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को सौंपी गई है. वह अपने मौजूदा मंत्रालयों उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के साथ शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त भार भी संभालेंगे.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रह्लाद जोशी लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है. साधारण परिवार से आने वाले प्रह्लाद जोशी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई कर्नाटक में पूरी की और इसके बाद उच्च शिक्षा हासिल की. छात्र जीवन से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे जोशी ने शिक्षा पूरी करने के बाद सार्वजनिक जीवन में कदम रखा. अब वे देश के शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालेंगे.

रेलवे स्कूल से शुरू हुई पढ़ाई

शिक्षा मंत्रालय संभालने के बाद से लोग प्रह्लाद जोशी की शैक्षणिक योग्यता में दिलचस्पी ले रहे हैं. बता दें प्रह्लाद जोशी का जन्म 27 नवंबर 1962 को कर्नाटक के विजयपुरा में हुआ था. उनके पिता वेंकटेश जोशी भारतीय रेलवे में कर्मचारी थे. प्रह्लाद जोशी ने अपनी शुरुआती शिक्षा रेलवे स्कूल से शुरू की. इसके बाद उन्होंने हुबली के न्यू इंग्लिश स्कूल से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की.

केएस आर्ट्स कॉलेज से हासिल की BA की डिग्री

स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद प्रह्लाद जोशी ने उच्च शिक्षा के लिए कर्नाटक विश्वविद्यालय, धारवाड़ से जुड़े के.एस. आर्ट्स कॉलेज, हुबली में दाखिला लिया. यहां से उन्होंने बैचलर ऑफ आर्ट्स यानी BA की डिग्री प्राप्त की. उनकी शिक्षा का सफर सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.

शिक्षा के बाद सामाजिक जीवन में बढ़ाई सक्रियता

स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद केंद्रीय मंत्री सामाजिक गतिविधियों से जुड़ गए. छात्र जीवन से ही उन्हें जनहित के मुद्दों में रुचि थी. आगे चलकर उन्होंने सामाजिक कार्यों के साथ एक छोटे उद्योग की शुरुआत की और फिर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की.

केंद्र सरकार में मिली बड़ी जिम्मेदारियां

प्रह्लाद जोशी ने 30 मई 2019 को पहली बार केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली थी. उन्हें शुरुआत में संसदीय कार्य, कोयला और खान मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई थी. अब उन्हें शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रशासनिक अनुभव के आधार पर उनसे शिक्षा क्षेत्र में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है.