'क्या यह पीठ में छुरा घोंपने जैसा नहीं?' परिसीमन बिल पर DMK के समर्थन से भड़के प्रकाश राज
अभिनेता प्रकाश राज ने परिसीमन बिल का समर्थन करने के DMK के फैसले पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने एमके स्टालिन से पार्टी का रुख बदलने की अपील की है.
अभिनेता प्रकाश राज ने शनिवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और DMK प्रमुख एमके स्टालिन से केंद्र सरकार के नए परिसीमन बिल को समर्थन देने के फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह कदम संघवाद की लड़ाई में DMK के पुराने रुख के खिलाफ है. DMK ने सोमवार को संसद की बैठक से पहले एक प्रस्ताव पारित कर बिल को समर्थन देने का फैसला किया था. इसके कुछ घंटे बाद प्रकाश राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की.
'यह फैसला बेहद खतरनाक और स्वार्थी'
प्रकाश राज ने बीजेपी समर्थित प्रस्ताव को बेहद खतरनाक बताते हुए सवाल किया कि जो पार्टी पहले परिसीमन को लेकर चिंता जता रही थी, वह अब इसका समर्थन क्यों कर रही है? उन्होंने इसे स्वार्थी फैसला बताया और आरोप लगाया कि DMK ने जनता के साथ विश्वासघात किया है. उन्होंने स्टालिन से सीधे अपील करते हुए कहा कि देश के हित में परिसीमन बिल को समर्थन देने के फैसले पर फिर से विचार किया जाना चाहिए.
Also Read
इन दो शर्तों पर DMK ने दिया समर्थन
स्टालिन के मुताबिक, केंद्र सरकार ने DMK की दो मांगों को लिखित रूप में स्वीकार किया है. पहली मांग है कि लोकसभा की सीटें बढ़ने के बाद भी तमिलनाडु की हिस्सेदारी 7.18 फीसदी बनी रहे. दूसरी मांग है कि राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखा जाए.
543 से बढ़कर 815 हो सकती हैं लोकसभा सीटें
प्रस्तावित बिल में लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 फीसदी की समान वृद्धि का प्रावधान है. इसका उद्देश्य महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करना है. इसके तहत लोकसभा की निर्वाचित सीटें 543 से बढ़कर करीब 815 हो सकती हैं. नई सीटों का बंटवारा और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2051 तक लागू रखने का प्रस्ताव है.
गौरतलब है कि अप्रैल में DMK के सभी 22 लोकसभा सांसदों ने केंद्र के पिछले संविधान संशोधन प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया था. अब नए बिल पर पार्टी का समर्थन सरकार के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है, क्योंकि इसे पारित कराने के लिए मौजूद और मतदान करने वाले सांसदों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत है.