menu-icon
India Daily

चीन की मदद से अंतरिक्ष में भारत पर नजर रखेगा पाकिस्तान? CDS ने दी बड़ी चेतावनी

CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने चीन की मदद से पाकिस्तान की बढ़ती अंतरिक्ष निगरानी क्षमता पर चिंता जताई है. भारत इसके जवाब में SBS-3 कार्यक्रम के तहत 52 निगरानी उपग्रह स्थापित करने की तैयारी कर रहा है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
चीन की मदद से अंतरिक्ष में भारत पर नजर रखेगा पाकिस्तान? CDS ने दी बड़ी चेतावनी
Courtesy: @Geopolitalkk X Account

भारत की सुरक्षा चुनौतियां अब केवल जमीन, समुद्र और आसमान तक सीमित नहीं रह गई हैं. आधुनिक युद्ध में अंतरिक्ष भी एक महत्वपूर्ण मोर्चा बन चुका है. चीन लगातार अपनी अंतरिक्ष निगरानी क्षमता मजबूत कर रहा है और उसकी मदद से पाकिस्तान भी इस दिशा में आगे बढ़ रहा है. भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने इस पर चिंता जताई है. 

उन्होंने कहा कि चीन की तकनीकी और रणनीतिक मदद से पाकिस्तान की खुफिया निगरानी और सैन्य ठिकानों की पहचान करने की क्षमता बढ़ सकती है. ऐसे में भारत को भी अपनी अंतरिक्ष आधारित निगरानी व्यवस्था तेजी से मजबूत करनी होगी. नई दिल्ली के विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन में आयोजित 'विमर्श ऑन फ्यूचर ऑफ वारफेयर एंड इंडियाज प्रिपेयर्डनेस टू कंडक्ट मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस' कार्यक्रम में CDS ने भविष्य के युद्ध की चुनौतियों पर बात की. उन्होंने कहा कि भारत को पाकिस्तान की बढ़ती अंतरिक्ष क्षमताओं को अपनी सैन्य रणनीति का हिस्सा मानकर तैयारी करनी चाहिए. उन्होंने यह भी आशंका जताई कि तुर्किये भी पाकिस्तान को इस मामले में सहयोग दे सकता है.

जनरल सुब्रमणि ने क्या बताया?

जनरल सुब्रमणि के मुताबिक, चीन की ISR यानी इंटेलिजेंस, सर्विलांस एंड रिकॉनिसेंस और PNT यानी पोजिशनिंग, नेविगेशन एंड टाइमिंग जैसी क्षमताओं का फायदा पाकिस्तान को मिल सकता है. इससे पाकिस्तान भारतीय सैन्य ठिकानों, सीमावर्ती इलाकों और सैन्य गतिविधियों पर नजर रखने में पहले से ज्यादा सक्षम हो सकता है. पाकिस्तान का अंतरिक्ष संगठन SUPARCO भी अपनी स्वदेशी क्षमताएं विकसित करने में जुटा है.

क्या है भारत का 52 सैटेलाइट वाला SBS-3 प्रोजेक्ट?

चीन और पाकिस्तान की बढ़ती अंतरिक्ष क्षमताओं को देखते हुए भारत अपने स्पेस बेस्ड सर्विलांस (SBS-3) कार्यक्रम पर काम कर रहा है. इसके तहत अंतरिक्ष में 52 निगरानी उपग्रह स्थापित करने की योजना है. इनका मुख्य उद्देश्य देश की सीमाओं, संवेदनशील इलाकों और रणनीतिक ठिकानों की लगातार निगरानी करना है. इस परियोजना को 2029 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

इन उपग्रहों में मुख्य रूप से दो तरह की तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. पहली इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सेंसर तकनीक है, जो कैमरों की मदद से धरती पर होने वाली गतिविधियों की तस्वीरें लेगी. दूसरी सिंथेटिक अपर्चर रडार (SAR) तकनीक है. इसकी खासियत यह है कि बादल, अंधेरा और खराब मौसम होने पर भी जमीन की निगरानी की जा सकती है.

इन सभी उपग्रहों को लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) में स्थापित करने की योजना है. यह पृथ्वी से लगभग 160 से 2000 किलोमीटर की ऊंचाई वाला कक्षीय क्षेत्र है. भारत इससे पहले भी कार्टोसैट और रिसैट सीरीज के उपग्रहों के जरिए अपनी ऑप्टिकल और रडार आधारित निगरानी क्षमता विकसित कर चुका है.

क्या होता है रीविजिट टाइम और क्यों है जरूरी?

CDS जनरल सुब्रमणि ने निगरानी उपग्रहों के रीविजिट टाइम को कम करने पर खास जोर दिया. दरअसल, रीविजिट टाइम का मतलब है कि कोई उपग्रह पृथ्वी पर एक ही स्थान के ऊपर दोबारा कब पहुंचेगा और वहां की तस्वीर या जानकारी हासिल करेगा.

उदाहरण के तौर पर, अगर कोई उपग्रह किसी सीमावर्ती इलाके की तस्वीर लेने के बाद 12 घंटे तक वहां दोबारा नहीं पहुंचता, तो इस दौरान होने वाली गतिविधियों की जानकारी तुरंत नहीं मिल पाएगी. लेकिन अगर अंतरिक्ष में निगरानी करने वाले उपग्रहों की संख्या बढ़ा दी जाए, तो एक ही क्षेत्र पर नजर रखने के बीच का अंतर कम किया जा सकता है.

जनरल सुब्रमणि का मानना है कि भारत को चीन के बराबर उपग्रह बनाने की जरूरत नहीं है. इसके बजाय देश की जरूरतों के हिसाब से ऐसी व्यवस्था तैयार करनी चाहिए, जिससे महत्वपूर्ण इलाकों की निगरानी तेजी और प्रभावी तरीके से हो सके. इसी उद्देश्य से भारत ISR, PNT और ELINT यानी इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस क्षमताओं को मजबूत करने पर काम कर रहा है.