menu-icon
India Daily

'तीन मुस्केटियरों ने वोट चोरी का नया प्लान बनाया है', परिसीमन को लेकर राहुल ने मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने परिसीमन विधेयक को लेकर प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी चुनावी नक्शा अपने फायदे के लिए बदलना चाहती है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'तीन मुस्केटियरों ने वोट चोरी का नया प्लान बनाया है', परिसीमन को लेकर राहुल ने मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना
Courtesy: X

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है. शनिवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने इन तीनों नेताओं को 'तीन मुस्केटियर' बताते हुए आरोप लगाया कि देश में बीजेपी को लंबे समय तक सत्ता में बनाए रखने के लिए 'वोट चोरी' की नई योजना तैयार की जा रही है.

'बीजेपी को मिलेगा चुनावी नक्शा बदलने का ब्लैंक चेक'

राहुल गांधी ने कहा कि परिसीमन विधेयक बीजेपी को देशभर में लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं अपनी मर्जी से बदलने का 'ब्लैंक चेक' दे देगा. इससे लोकतंत्र को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है. उन्होंने कहा कि विपक्ष मोदी सरकार को देश में तानाशाही स्थापित नहीं करने देगा.

850 लोकसभा सीटें करने के प्रस्ताव पर उठाए सवाल

राहुल गांधी ने दावा किया कि सर्वे के मुताबिक, देश के 80 प्रतिशत लोग और करीब 100 प्रतिशत जेन-जी मानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार चुनावों में गड़बड़ी कर रहे हैं.

उन्होंने सवाल उठाया कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने की जरूरत क्यों है? उनके मुताबिक, असम और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों के उदाहरण से समझा जा सकता है कि परिसीमन के जरिए चुनावी क्षेत्रों का नक्शा बदलने की कितनी बड़ी गुंजाइश पैदा हो सकती है.

राहुल ने आरोप लगाया कि सीटें बढ़ाने के नाम पर बीजेपी अपने विरोधी समुदायों का प्रतिनिधित्व कमजोर कर सकती है और विपक्षी नेताओं को निशाना बना सकती है.

महिला आरक्षण के नाम पर सीटें बढ़ाने का आरोप

कांग्रेस नेता ने कहा कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण के बहाने लोकसभा की सीटें बढ़ाना चाहती है. उन्होंने दावा किया कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है, लेकिन इसे अभी लागू नहीं किया गया है. ऐसे में सीटों को 850 तक बढ़ाने के पीछे सरकार की मंशा पर सवाल उठते हैं.

2024 के लोकसभा चुनाव को भी बताया अवैध

राहुल गांधी ने एक बार फिर 2024 के लोकसभा चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग ने खुद कहा था कि उन चुनावों में मतदान करने वाले 14 करोड़ लोग वोट डालने के पात्र नहीं थे. राहुल के मुताबिक, यह दावा साबित करता है कि 2024 का लोकसभा चुनाव अवैध था.

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगाए गंभीर आरोप

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को घेर लिया है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पास मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ पर्याप्त जानकारी है और पार्टी जल्द ही इससे जुड़े और तथ्य सार्वजनिक करेगी.

उन्होंने परिसीमन आयोग की संभावित संरचना पर भी सवाल उठाए. राहुल के मुताबिक, आयोग में एक पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज की नियुक्ति प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह करेंगे, जबकि तीसरे सदस्य का चयन मुख्य चुनाव आयुक्त करेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से सरकार को आयोग पर पूरा नियंत्रण मिल जाएगा.

राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि परिसीमन आयोग के फैसलों को अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पहले ही सरकार के प्रभाव में है और अब परिसीमन आयोग के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की तैयारी है.