अमेरिका में ड्रग्स से मौतों में 6 साल की सबसे बड़ी गिरावट, लेकिन इस राज्य में दोगुनी हुईं मौतें
अमेरिका में ड्रग्स के ओवरडोज से होने वाली मौतें 2025 में छह साल के निचले स्तर पर पहुंच गईं. हालांकि, अलास्का में ऐसी मौतों की संख्या दोगुनी हो गई.
अमेरिका में फेंटेनाइल जैसे नशीले पदार्थों के ओवरडोज से होने वाली मौतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. AddictionResource.net की नई रिसर्च के मुताबिक, 2025 में ड्रग्स के ओवरडोज से 69,387 लोगों की मौत हुई. यह संख्या 2024 के मुकाबले करीब 14 फीसदी कम है. 2024 में 79,384 लोगों की जान गई थी.
2022 के मुकाबले 35 फीसदी की कमी
रिपोर्ट के अनुसार, 2022 में अमेरिका में ओवरडोज से 1,07,941 लोगों की मौत हुई थी. इसके मुकाबले 2025 में मौतों की संख्या करीब 35 फीसदी घट गई. ओवरडोज से मौतों की दर भी घटकर प्रति एक लाख लोगों पर 20 रह गई, जो 2018 के बाद सबसे कम है.
न्यूयॉर्क में भी कम हुई मौतें
न्यूयॉर्क में 2025 के दौरान ओवरडोज से करीब 3,700 लोगों की मौत हुई. यह 2020 में दर्ज 4,965 मौतों से लगभग 25 फीसदी कम है. राज्य के अधिकारियों के मुताबिक, वहां ओवरडोज से होने वाली कुल मौतों में 78 फीसदी तक मामलों के लिए फेंटेनाइल जिम्मेदार है.
Also Read
अलास्का में दोगुनी हुईं मौतें
हालांकि, पूरे देश में स्थिति सुधरने के बावजूद कई राज्यों में मौतें बढ़ी हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, 37 राज्यों में ओवरडोज से मौतों में गिरावट आई, जबकि 13 राज्यों में 2020 के मुकाबले 2025 में ज्यादा लोगों की जान गई.
अलास्का में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई. यहां ओवरडोज से मौतों की संख्या 2020 में 160 थी, जो 2025 में बढ़कर 330 हो गई. मौतों की दर भी प्रति एक लाख लोगों पर 21.8 से बढ़कर 44.8 पहुंच गई.
नशे के कई पदार्थों का मिश्रण बन रहा खतरा
The Alaska Beacon की रिपोर्ट के मुताबिक, अलास्का में ओवरडोज से जान गंवाने वाले कई लोग फेंटेनाइल या हेरोइन के साथ मेथामफेटामाइन अथवा एडरल जैसी डॉक्टर की पर्ची पर मिलने वाली उत्तेजक दवाओं का सेवन करते हैं.