भारत की अर्थव्यवस्था में तेजी बरकरार रहने की उम्मीद, अल नीनो और पश्चिम एशिया से महंगाई का खतरा
वित्त मंत्रालय को आने वाले महीनों में भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार मजबूत रहने की उम्मीद है. हालांकि अल नीनो, पश्चिम एशिया संघर्ष और महंगाई से चुनौतियां बढ़ सकती हैं.
भारत सरकार को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहेगी. घरेलू खपत में मजबूती और निजी निवेश में धीरे-धीरे हो रही बढ़ोतरी से विकास को सहारा मिलने की संभावना है. वित्त मंत्रालय ने शनिवार को जारी अपनी मासिक समीक्षा में कहा कि चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में भी आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार कायम रह सकती है.
माल ढुलाई, टैक्स संग्रह, ऊर्जा की खपत और परिवहन जैसे संकेतक लगातार आर्थिक विस्तार की ओर इशारा कर रहे हैं. यह आकलन दूसरी तिमाही के जीडीपी आंकड़े जारी होने से पहले आया है. ब्लूमबर्ग के अर्थशास्त्रियों के सर्वे के मुताबिक, जुलाई-सितंबर तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि करीब 8 प्रतिशत रह सकती है.
अल नीनो और महंगाई बढ़ा सकते हैं चिंता
वित्त मंत्रालय ने महंगाई को अर्थव्यवस्था के लिए एक प्रमुख जोखिम बताया है. प्रतिकूल आधार प्रभाव नवंबर तक महंगाई के आंकड़ों को प्रभावित कर सकता है. इसके अलावा, 2026 के अंत तक अल नीनो का प्रभाव काफी मजबूत होने की आशंका है. त्योहारों और शादी के मौसम में मांग बढ़ने से खाद्य और गैर-खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर भी दबाव पड़ सकता है.
Also Read
पश्चिम एशिया का तनाव भी चुनौती
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही पर खतरे के कारण कच्चे तेल और माल ढुलाई की लागत में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. इसका असर थोक और खुदरा महंगाई पर पड़ सकता है. हालांकि, कच्चे तेल की कम कीमतें और रुपये की मजबूती राहत दे सकती हैं.
आरबीआई की ब्याज दरों पर नजर
महंगाई की चिंताओं के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की 4 दिसंबर को होने वाली मौद्रिक नीति बैठक पर नजर रहेगी. बाजार में व्यापक उम्मीद है कि केंद्रीय बैंक रेपो रेट में 25 आधार अंकों की बढ़ोतरी कर इसे 5.75 प्रतिशत कर सकता है. अक्टूबर में आरबीआई ने रेपो रेट बढ़ाकर 5.5 प्रतिशत किया था और अपना रुख 'कैलिब्रेटेड टाइटनिंग' कर दिया था.
मजबूत घरेलू मांग से मिलेगी मदद
वित्त मंत्रालय के मुताबिक, खपत में निरंतर मजबूती, निजी निवेश का विस्तार और विनिर्माण क्षेत्र को मिल रहा नीतिगत समर्थन आर्थिक विकास को सहारा देंगे. मजबूत आर्थिक बुनियाद बाहरी झटकों से निपटने में भी मदद कर सकती है. नए ऑर्डर बढ़ने और उत्पादन लागत का दबाव घटने से कारोबारी गतिविधियां मजबूत बने रहने की उम्मीद है.