नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने 18 जून को हुई UGC-NET की परीक्षा रद्द कर दी है. ये फैसला ऐसे वक्त में लिया गया है, जब NTA पर पहले ही NEET परीक्षा में धांधली को लेकर सवाल उठ रहे हैं. 24 लाख स्टूडेंट्स का भविष्य दांव पर लगा है. गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यूजीसी-नेट परीक्षा का पेपर डार्कनेट पर लीक हो गया था.
इस साल NEET स्नातक परीक्षा की तीसरे पक्ष की समीक्षा में 5 मई को कई परीक्षा केंद्रों पर गड़बड़ी पाई गई. इनमें परीक्षा कक्षों में अनिवार्य रूप से काम करने वाले दो सीसीटीवी गायब थे, साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रश्न-पत्रों को रखने स्ट्रांग रूम को बिना सुरक्षा के छोड़ दिया गया. कई जगहों से पेपर लीक की भी सूचना मिली.
समीक्षा के लिए 399 परीक्षा केंद्रों का दौरा किया गया. परीक्षा के दिन की गई समीक्षा में पाया गया कि परीक्षा के दिन जिन 399 परीक्षा केंद्रों का दौरा किया गया, उनमें से 186 या 46% केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे नहीं थे. हर परीक्षा सेंटर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते हैं. इन कैमरों की लाइव फीड नई दिल्ली में एनटीए मुख्यालय को भेजी जाती है. इसके अलावा, 399 सैंपल परीक्षा केंद्रों में से 68 (या 16%) में, स्ट्रांग रूम को "गार्ड द्वारा सुरक्षित" नहीं किया गया था. नियम के अनुसार प्रश्नपत्रों के वितरण के समय तक स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जानी चाहिए थी.
समीक्षा का उद्देश्य परीक्षा के दिन केंद्र पर परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन न करने या किसी भी प्रथम दृष्टया गड़बड़ी की पहचान करना है. NEET-UG के लिए परीक्षा केंद्र के रूप में किसी स्कूल या किसी स्थान का चयन करते समय, NTA कई चीजों पर विचार करता है. लेकिन कई सेंटर पर गड़बड़ी मिलने के बाद NTA को काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है.
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2024 पांच मई को 4,750 केंद्रों पर आयोजित की गई थी और इसमें करीब 24 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे. नतीजे आए तो सबी चौंक गए. इस परीक्षा में 67 विद्यार्थियों ने शत प्रतिशत (720 में से 720 अंक) प्राप्त किए जो एनटीए के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ. इनमें हरियाणा के फरीदाबाद के एक केंद्र के छह छात्रों का नाम भी शामिल हैं. कुछ उम्मीदवारों को 718 या 719 अंक मिले. एनटीए पर बिहार में प्रश्नपत्र लीक होने के भी आरोप हैं, जिसमें राज्य पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है.
राज्य में गिरफ्तार किए गए 13 लोगों में से चार ऐसे अभ्यर्थी हैं जिन्होंने NEET की परीक्षा दी थी, जबकि अन्य उनके माता-पिता और एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जिन्होंने कथित तौर पर रामकृष्ण नगर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में एक स्कूल में परीक्षा से पहले 35 अभ्यर्थियों को इकट्ठा किया और एक नकली परीक्षा आयोजित की. कथित तौर पर उन्हें वहां उत्तरों के साथ NEET का प्रश्नपत्र मिला. इसके अलावा, गुजरात के गोधरा में दो परीक्षा केंद्र राज्य पुलिस की जांच के दायरे में हैं, जिन पर कथित तौर पर अभ्यर्थियों को उनकी OMR शीट में सही उत्तर भरने में मदद करने का आरोप है.