नई दिल्ली: फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के बारे में अगर आप नहीं जानते हैं तो हम आपको बता दें कि यह फ्लाइट 30 सितंबर को दुबई से तेव अवीव जा रही थी. इसी दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच एक हिंसक घटना हुई. रिपोर्ट्स के अनुसार, को-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
इस घटना के बाद विमान अचानक से नीचे की तरफ जाने लगा, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने स्थिति से निपटने की कोशिश की. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैप्टन मच्छार ने कोशिश कर कॉकपिट का दरवाजा खोला जिससे यात्री और क्रू अंदर पहुंच सके. इससे हमलावर को काबू करने में मदद मिली. उनकी इस बहादुरी को देखते हुए दुनियाभर में उनकी तारीफ की जा रही है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्हें हीरो बताया. साथ ही कहा कि गंभीर खतरे और चोट के बावजूद उन्ंहोंने हिम्मत नहीं हारी. प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी को याद करते हुए जल्द स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की. देखें पोस्ट-
Captain Smit Machchhar is a HERO.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 1, 2026
In the face of the gravest danger and despite being seriously injured, he showed immense courage and an unwavering resolve to protect the lives of others.
His valour helped save hundreds of lives and avert a great tragedy.
India is proud of…
मामले की पूरी परिस्थितियों और हमले के मकसद की जांच अभी जारी है. फ्लाईदुबई ने भी जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की बात कही है. इस पूरे मामले में विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने भी स्थिति संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया. विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे. रिपोर्ट्स में यात्रियों की संख्या 174 बताई गई है.