प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता करेंगे. दोपहर 1 बजे सेवा तीर्थ में होने वाली इस बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों में संभावित संशोधनों पर चर्चा हो सकती है. सूत्रों के मुताबिक, सभी मंत्रियों को बैठक में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है. संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है. ऐसे में इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है.
सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने वाले विधेयक में बदलाव पर विचार कर सकती है. इससे संबंधित संविधान संशोधन विधेयक अप्रैल में संसद के विशेष सत्र के दौरान आवश्यक समर्थन नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो पाया था.
सरकार की योजना अब इस विधेयक को आगे बढ़ाने की है. इसके साथ ही परिसीमन से जुड़े प्रावधानों में भी संशोधन पर विचार किया जा सकता है.
सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को बुलाने का प्रस्ताव रखा है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक, सरकारी कामकाज के आधार पर संसद की बैठकें 3 दिसंबर तक चल सकती हैं.
ये बैठकें मानसून सत्र का ही हिस्सा होंगी. संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था, लेकिन सत्रावसान नहीं हुआ था. इसलिए दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने के लिए नई प्रक्रिया की जरूरत नहीं है.
बुधवार को कैबिनेट बैठक में भी प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों को संसद की बैठक जल्द बुलाए जाने की संभावना के बारे में बताया था. उन्होंने मंत्रियों से अगले कुछ दिनों तक दिल्ली से बाहर के कार्यक्रम टालने को कहा था.
प्रस्तावित संविधान संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की योजना है. इसका उद्देश्य महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है. सरकार इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करना चाहती है.
इस विधेयक को लोकसभा में पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी मौजूदा 543 सीटों के आधार पर 361 वोटों की जरूरत होगी. तीन सीटें खाली होने के कारण सदन में फिलहाल 540 सदस्य हैं. सत्तारूढ़ एनडीए के पास करीब 320 सांसद हैं. ऐसे में विधेयक पारित कराने के लिए उसे विपक्षी दलों के समर्थन की भी जरूरत पड़ सकती है.
अप्रैल में विधेयक गिरने के बाद सरकार का संख्याबल कुछ मजबूत हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी खेमे के 26 सांसदों ने पाला बदला है. तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसद नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल हुए हैं और एनडीए को समर्थन देने की बात कही है. वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं.
इसके बावजूद सरकार को अतिरिक्त समर्थन की जरूरत पड़ सकती है. डीएमके के 22 और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के आठ सांसदों की भूमिका अहम हो सकती है.
सरकार का तर्क है कि नई जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन जरूरी है, ताकि महिलाओं के आरक्षण को लागू किया जा सके. वहीं, विपक्ष महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने का विरोध कर रहा है. विपक्ष की मांग है कि मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाए.