प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी ने अपने कर्मचारियों के लिए “वर्क फ्रॉम होम” लागू करने का ऐलान किया है. कंपनी का कहना है कि जिन कर्मचारियों के ऑफिस न आने से काम प्रभावित नहीं होता, उन्हें घर से काम करने की अनुमति दी गई है. कंपनी ने यह फैसला पीएम मोदी की उस अपील के बाद लिया है जिसमें उन्होंने कोविड काल की तरह बचत वाली आदतें अपनाने की बात कही थी और खासकर वर्क फ्रॉम होम की अपील भी निजी कंपनियों से की थी.
कंपनी ने इस संबंध में एक्स हैंडल पर एक पोस्ट लिखते हुए कहा है कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के असर को कम करने की जरूरत को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है. कंपनी का कहना है कि किसी भी कंपनी को अपना कारोबार प्रभावी और कुशलता पूर्वक चलाने के लिए पेट्रोलियम उत्पादों और विदेशी मुद्रा खर्च को कम करने पर ध्यान देना चाहिए. कंपनी ने कहा है दुनिया के मौजूदा हालात में हमें अपने काम करने के तरीके की समीक्षा करनी चाहिए. ऐसा करना राष्ट्रीय और कंपनी हित में बेहतर साबित होगा.
मारूति सुजुकी ने खुद तो मितव्ययता पर अमल किया ही है, अपने बिजनस पार्टनर्स को भी दिशा- निर्देश जारी कर यात्रा व्यय कम करने और एनर्जी की बचत को प्राथमिकता देने की बात कही है. कंपनी ने कहा कि कारोबार के लिहाज से केवल बेहद जरूर विदेश यात्राएं ही की जाएंगी. घरेलू यात्राओं को भी सीमित करते हुए कंपनी ऑनलाइन मीटिंग्स का प्राथमिकता देगी.