ठिठुरते हुए दिल्ली-NCR करेगा 2025 का स्वागत, नए साल में मचेगा शीतलहर का कहर; IMD ने दी चेतावनी

New Year 2025: मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति 1 जनवरी तक बनी रह सकती है. इससे दिन के समय तापमान में गिरावट आएगी और दृश्यता कम होगी.

Pinterest
Princy Sharma

Delhi Weather Update: दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. नए साल के शुरुआती दिनों में यहां घने से अति घने कोहरे और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति 1 जनवरी तक बनी रहेगी, जिससे दृश्यता कम होगी और दिन के तापमान में और गिरावट आएगी. 

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस ठंडे मौसम का असर उत्तर-पश्चिम भारत में रहेगा. हरियाणा और चंडीगढ़ में 31 दिसंबर को शीतलहर की स्थिति बनेगी, जबकि यह ठंडक 1 जनवरी तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में फैल सकती है.

1 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम

हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में 31 दिसंबर की रात और 1 जनवरी तक घना से अति घना कोहरा छाया रहेगा. इसके अलावा, ओडिशा, असम, मेघालय और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भी 31 दिसंबर तक कोहरे का प्रभाव रहेगा. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और सिक्किम जैसे क्षेत्रों में भी घने कोहरे का असर 1 जनवरी तक देखने को मिलेगा. हिमाचल प्रदेश में यह स्थिति 2 जनवरी तक बनी रह सकती है.

दिल्ली में सोमवार को बेहद कम तापमान दर्ज किया गया. सफदरजंग क्षेत्र में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम था. पालम में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 7 डिग्री कम है.

दिल्ली की हवा

हालांकि, इन ठंडे हालातों के बीच दिल्ली की हवा में सुधार देखने को मिला है. दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 183 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे ठंड से बचने के लिए एहतियात बरतें और कोहरे के कारण सफर में सावधानी रखें.