Apple का सबसे महंगा MacBook, कीमत देखकर बोले लोग- कार ही खरीद लेते
Apple MacBook Pro के एक पूरी तरह अपग्रेडेड मॉडल की कीमत करीब ₹17.97 लाख तक पहुंच गई. इंस्टाग्राम यूजर मोहसिन ने Apple की वेबसाइट पर 16 इंच के MacBook Pro में M5 Max चिप, ज्यादा मेमोरी, बड़ी स्टोरेज और दूसरे महंगे अपग्रेड चुने.
Apple के प्रीमियम लैपटॉप MacBook Pro की पूरी तरह अपग्रेडेड कीमत देखकर सोशल मीडिया यूजर्स हैरान हैं. एक इंस्टाग्राम वीडियो में एक शख्स ने MacBook Pro को अधिकतम फीचर्स के साथ कॉन्फिगर किया, जिसके बाद इसकी कीमत करीब ₹17.97 लाख पहुंच गई. इतनी कीमत में एक अच्छी SUV खरीदी जा सकती है. इसी वजह से वीडियो में इसकी तुलना Hyundai Creta से की गई है.
इंस्टाग्राम यूजर मोहसिन ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह Apple की वेबसाइट पर MacBook Pro को अपनी पसंद के हिसाब से अपग्रेड करते नजर आते हैं. शुरुआत में लैपटॉप की कीमत करीब ₹3.5 लाख दिखाई देती है. इसके बाद वह एक-एक करके महंगे हार्डवेयर और फीचर्स चुनते जाते हैं और लैपटॉप की कीमत भी लगातार बढ़ती जाती है.
लैपटॉप में Apple का ज्यादा पावरफुल M5 Max चिपसेट
मोहसिन 16 इंच का Space Black MacBook Pro चुनते हैं. इसके बाद वह Nano-Texture Display का विकल्प लेते हैं. फिर लैपटॉप में Apple का ज्यादा पावरफुल M5 Max चिपसेट, ज्यादा कोर, अधिक मेमोरी और सबसे बड़ी स्टोरेज क्षमता जैसे विकल्प जोड़ते हैं.
Also Read
हर फीचर का सबसे महंगा विकल्प चुना
वीडियो में मोहसिन मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि जब MacBook खरीदना ही है, तो बेसिक मॉडल क्यों लिया जाए. इसी अंदाज में वह लगभग हर अपग्रेड का सबसे महंगा विकल्प चुनते जाते हैं. नतीजा यह होता है कि लैपटॉप की कीमत देखते ही लोग हैरान रह जाते हैं.
सभी अपग्रेड चुनने के बाद MacBook Pro की कीमत करीब ₹17,97,800 तक पहुंच जाती है. इसमें टैक्स भी शामिल बताया गया है. यानी टॉप-एंड कॉन्फिगरेशन वाला यह लैपटॉप करीब 18 लाख रुपये का पड़ता है.
EMI भी सुनकर चौंक जाएंगे
वीडियो में सिर्फ लैपटॉप की कीमत ही नहीं, बल्कि EMI का भी जिक्र किया गया है. मोहसिन के मुताबिक, अगर कोई इसे मासिक किस्तों पर खरीदता है, तो उसे करीब ₹1.61 लाख प्रति महीने चुकाने पड़ सकते हैं. यह रकम भी कई लोगों की मासिक आय से ज्यादा हो सकती है.
इतनी कीमत को देखते हुए वीडियो में मजाकिया अंदाज में इसकी तुलना Hyundai Creta SUV से की गई है. मोहसिन उन लोगों से कहते हैं, जिन्होंने हाल ही में Creta खरीदी है कि वे उसे बेचकर नया MacBook Pro खरीद सकते हैं.
Creta या 18 लाख का MacBook Pro
वीडियो के आखिर में मोहसिन यूजर्स से सवाल करते हैं कि अगर आपके पास करीब 18 लाख रुपये हों, तो आप Hyundai Creta खरीदना पसंद करेंगे या पूरी तरह अपग्रेडेड MacBook Pro. इसी सवाल ने वीडियो को और दिलचस्प बना दिया है. हालांकि, यह कीमत MacBook Pro के अधिकतम कॉन्फिगरेशन और चुने गए सभी प्रीमियम अपग्रेड के आधार पर बताई गई है. बेस मॉडल की कीमत इससे काफी कम होती है. इसलिए हर MacBook Pro की कीमत 18 लाख रुपये नहीं है.
वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच टेक्नोलॉजी पर इतना खर्च करने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. कुछ लोगों के लिए यह शानदार स्पेसिफिकेशन वाला लैपटॉप है, जबकि दूसरों को इतने पैसे में कार खरीदना ज्यादा समझदारी भरा विकल्प लगता है.