Microsoft में नौकरी छोड़ने के बदले मिल रहे 11 लाख रुपये, 23 साल के युवा इंजीनियर ने पूछा क्या करूं?
Microsoft के हैदराबाद ऑफिस में काम करने वाले 23 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को वॉलंटरी एग्जिट ऑफर के तहत नौकरी छोड़ने के बदले करीब 11 लाख रुपये मिलने की पेशकश की गई है.
दिग्गज टेक कंपनी Microsoft से जुड़ा एक मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है. हैदराबाद स्थित माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस में काम करने वाले 23 साल के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को नौकरी छोड़ने के बदले करीब 11 लाख रुपये का ऑफर मिला है. कंपनी की वॉलंटरी एग्जिट ऑफर स्कीम के तहत इंजीनियर को तीन महीने की सैलरी देने की बात कही गई है. अब इंजीनियर इस दुविधा में है कि उसे यह रकम लेकर नौकरी छोड़ देनी चाहिए या कंपनी में बने रहना चाहिए.
इंजीनियर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर अपनी स्थिति साझा की. पोस्ट के मुताबिक Microsoft की वॉलंटरी एग्जिट ऑफर योजना शुरू हो चुकी है. इसके तहत कर्मचारी अगर खुद नौकरी छोड़ने का फैसला करता है, तो उसे तीन महीने की पूरी सैलरी दी जा रही है.
इंजीनियर ने क्या बताया?
इंजीनियर के मुताबिक, उसके मामले में यह रकम करीब 11 लाख रुपये बनती है. हालांकि, इतनी बड़ी रकम मिलने के बावजूद वह नौकरी छोड़ने को लेकर निश्चित नहीं है. इसी वजह से उसने Reddit यूजर्स से सलाह मांगी है कि उसे कंपनी का यह ऑफर स्वीकार करना चाहिए या नहीं.
Also Read
- Inspiring Journey: 'खान सर की वजह से...', कोरोना के दौरान चली गई नौकरी; फिर डिप्रेशन से लड़कर आज PCS अफसर हैं प्रिया
- Inspiring Journey: एक हाथ में हथकड़ी, दूसरे में पेन; जेल से निकलकर ऐसे DSP बने जैनेंद्र
- Microsoft के 60 हजार कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर, जानें छंटनी से कैसे है अलग स्वैच्छिक एग्जिट पैकेज
करीब 60 हजार कर्मचारी दायरे में
रिपोर्ट के मुताबिक, Microsoft ने बड़ी संख्या में कर्मचारियों के लिए नौकरी छोड़ने या वॉलंटरी एग्जिट का विकल्प पेश किया है. करीब 60 हजार कर्मचारी इस दायरे में बताए जा रहे हैं. ऐसे में हैदराबाद में काम करने वाले इस युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर का मामला भी इसी योजना से जुड़ा बताया जा रहा है.
23 साल की उम्र में इतनी बड़ी टेक कंपनी में नौकरी मिलना कई युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है. इसलिए इंजीनियर के सामने सिर्फ 11 लाख रुपये लेने का सवाल नहीं है, बल्कि भविष्य की नौकरी और करियर को लेकर भी फैसला करना है.
सोशल मीडिया पर दो तरह की राय
इंजीनियर की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय देखने को मिल रही है. कुछ यूजर्स का कहना है कि मौजूदा समय में नौकरी छोड़ना जोखिम भरा हो सकता है. उनका मानना है कि Microsoft जैसी बड़ी कंपनी में नौकरी बनाए रखना ज्यादा सुरक्षित विकल्प हो सकता है.
वहीं, कुछ लोगों ने सुझाव दिया कि अगर इंजीनियर को लगता है कि वह आसानी से दूसरी नौकरी हासिल कर सकता है, तो वह वॉलंटरी एग्जिट ऑफर लेकर नई नौकरी की तलाश शुरू कर सकता है. इस तरह उसे तीन महीने की सैलरी भी मिल जाएगी और वह नए अवसर तलाशने के लिए समय का इस्तेमाल कर सकेगा.
इंजीनियर के सामने बड़ा करियर फैसला
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 11 लाख रुपये के बदले नौकरी छोड़ना कितना सही फैसला होगा. एक तरफ तत्काल आर्थिक लाभ है, तो दूसरी तरफ एक बड़ी टेक कंपनी में काम करने का अनुभव और भविष्य के करियर की स्थिरता है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस पोस्ट ने एक बार फिर यह चर्चा छेड़ दी है कि कर्मचारियों को आकर्षक एग्जिट ऑफर मिलने पर तुरंत फैसला करना चाहिए या पहले बाजार में उपलब्ध नौकरियों और अपने करियर विकल्पों का आकलन करना चाहिए. इस युवा इंजीनियर ने फिलहाल लोगों से राय मांगी है और अब देखना होगा कि वह आखिर कौन सा फैसला लेता है.