menu-icon
India Daily

शीतलहर से कांप रही दिल्ली, यूपी और राजस्थान तक कड़ाके की ठंड; पढ़ें आज का वेदर अपडेट्स

दिल्ली और उत्तर भारत में सर्दी का कहर जारी है. दिल्ली में तापमान 8 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जिससे लोग ठिठुरने पर मजबूर हैं. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ गई है. उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा और तेज शीतलहर का अनुमान है, जिससे ठिठुरन और ज्यादा बढ़ सकती है.

princy
Edited By: Princy Sharma
शीतलहर से कांप रही दिल्ली, यूपी और राजस्थान तक कड़ाके की ठंड; पढ़ें आज का वेदर अपडेट्स
Courtesy: Pinterest

Aaj Ka Mausam 31 December 2024: उत्तर भारत में इस समय ठंड का प्रकोप जारी है. बारिश के बाद तापमान में गिरावट और शीतलहर ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है. दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठिठुरन का माहौल है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर बाकी राज्यों में भी देखा जा रहा है. आइए जानते हैं देशभर के मौसम का हाल.

दिल्ली में आज का तापमान अधिकतम 15 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री रहेगा. सुबह और रात के समय कोहरा परेशान कर सकता है. दिन में मौसम साफ रहेगा, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है. नए साल के शुरुआती दिनों में तापमान थोड़ा बढ़ सकता है.  

पंजाब और हरियाणा

पंजाब में आज घने कोहरे के साथ दिन की शुरुआत होगी. 1 से 5 जनवरी के बीच मौसम साफ रहेगा और बारिश का अनुमान नहीं है .हरियाणा में भी घने कोहरे और शीतलहर का असर रहेगा.

पहाड़ी राज्यों का हाल

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी है. 1 और 2 जनवरी को हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि 3 से 6 जनवरी के बीच भारी बर्फबारी की संभावना है. हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में ताजा बर्फबारी हुई है. कल्पा, कुफरी और केलंग जैसे इलाकों में बर्फ का आनंद लिया जा सकता है. उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन ठंडी हवाएं और पाले का असर लोगों को परेशान करेगा.  

यूपी, राजस्थान और बिहार 

उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ गई है. लखनऊ समेत कई शहरों में दिनभर कोहरा रहेगा. मौसम विभाग ने शीत दिवस का अलर्ट जारी किया है.  राजस्थान में घने कोहरे और शीतलहर का असर अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा. 1 जनवरी तक ठंड के प्रकोप से राहत की उम्मीद नहीं है. बिहार में भी ठंड अपने चरम पर है. न्यूनतम तापमान में गिरावट और शीतलहर से नए साल की शुरुआत ठिठुरन भरी हो सकती है.