menu-icon
India Daily

NEET UG पेपर लीक के बाद NTA में बड़ा बदलाव! आज रात 8 बजे होगा सुधारों का ऐलान

NEET UG 2026 पेपर लीक विवाद के बाद NTA में बड़े सुधारों की तैयारी है. सूत्रों के अनुसार परीक्षा प्रणाली, सुरक्षा, निगरानी और भर्ती प्रक्रिया में बदलाव किए जाएंगे. शिक्षा मंत्रालय आज रात 8 बजे आधिकारिक घोषणा कर सकता है.

KanhaiyaaZee
NEET UG पेपर लीक के बाद NTA में बड़ा बदलाव! आज रात 8 बजे होगा सुधारों का ऐलान
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: NEET UG 2026 पेपर लीक विवाद के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी NTA में बड़े बदलाव की तैयारी है. सूत्रों के मुताबिक, परीक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने के लिए कई अहम सुधार किए जाएंगे. भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन, निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र में व्यापक बदलाव की योजना बनाई गई है. बताया जा रहा है कि शिक्षा मंत्रालय इन सुधारों को अंतिम रूप दे चुका है और आज रात 8 बजे इनका आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है. हालांकि, मंत्रालय की ओर से अभी तक इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है.

NEET UG 2026 पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है. सरकारी सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी का व्यापक ओवरहाल किया जाएगा, जिसके तहत करीब 47 अधिकारियों और कर्मचारियों को हटाया जाएगा. इनमें से कुछ अधिकारियों के खिलाफ अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कार्रवाई भी की जा सकती है.

सूत्रों के अनुसार, सरकार अगले एक महीने के भीतर NTA के पूरे ढांचे में बदलाव करने की योजना पर काम कर रही है. इसका उद्देश्य परीक्षा प्रणाली को पहले से अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाना है, ताकि भविष्य में पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.

केवल कर्मचारियों में बदलाव नहीं, पूरी कार्यप्रणाली बदलेगी

सरकार का फोकस सिर्फ अधिकारियों और कर्मचारियों में फेरबदल तक सीमित नहीं रहेगा. NTA की पूरी कार्यप्रणाली की समीक्षा की जा रही है. खास तौर पर एजेंसी जिस तरह आउटसोर्सिंग के जरिए परीक्षाओं का संचालन कराती है, उसमें बड़े बदलाव किए जाने की तैयारी है.

सूत्रों का कहना है कि परीक्षा केंद्रों के चयन, तकनीकी निगरानी, डेटा सुरक्षा, प्रश्नपत्रों के प्रबंधन और परीक्षा संचालन की प्रक्रिया को और मजबूत बनाया जाएगा. इसके साथ ही जवाबदेही तय करने के लिए नए मानक भी लागू किए जा सकते हैं.

विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों पर होंगे फैसले

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, NTA में किए जाने वाले ये सभी बदलाव विशेषज्ञों की समिति की सिफारिशों के आधार पर किए जा रहे हैं. सरकार ऐसी 'लीक-प्रूफ' परीक्षा प्रणाली विकसित करना चाहती है, जिसमें प्रश्नपत्र लीक, तकनीकी गड़बड़ी और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं की संभावना न्यूनतम हो.

हर साल 15 से 20 बड़ी परीक्षाएं कराती है NTA

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं में शामिल है. NTA हर साल 15 से 20 राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं आयोजित करती है. इनमें NEET, JEE Main, CUET UG, CUET PG, UGC NET समेत कई प्रमुख प्रवेश और पात्रता परीक्षाएं शामिल हैं. इन परीक्षाओं में हर साल करोड़ों छात्र शामिल होते हैं.