गुरुवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक निजी बैंक में कार्यरत और पिछले वर्ष एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट की रनरअप रह चुकी युवती को कथित रूप से नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में पकड़ा गया है. अधिकारियों के अनुसार, वह बैंकॉक से मुंबई पहुंची थी. तलाशी में उसके पास से कथित तौर पर 11.8 किलो हाइड्रोपोनिक मारिजुआना बरामद हुआ है जिसकी कीमत 11.8 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
अधिकारियों के मुताबिक, युवती बैंकॉक से मुंबई आने वाली उड़ान से भारत पहुंची थी. नियमित जांच के दौरान एयर इंटेलिजेंस यूनिट और सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों को उसके व्यवहार पर संदेह हुआ. इसके बाद उसके सामान की गहराई से जांच की गई. जांच के दौरान उसके ट्रॉली बैग से कई पैकेट बरामद बरामद हुए. बताया गया कि ये पैकेट विशेष तरीके से सील किए गए थे. मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में बरामद पदार्थ को उच्च गुणवत्ता वाली हाइड्रोपोनिक मारिजुआना बताया गया. इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. आरोपी महिला की पहचान हर्षा सनी (29) के रूप में हुई है.
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार युवती एक निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत है. इसके अलावा वह पिछले वर्ष केरल में आयोजित एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट में भी हिस्सा ले चुकी थी और उपविजेता रही थी. इसी कारण यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया. अधिकारियों का कहना है कि बरामद पदार्थ की मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है. हालांकि, जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा थी या किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर सामान लेकर आई थी.
सूत्रों के अनुसार, युवती ने पूछताछ के दौरान खुद को निर्दोष बताया है. उसका कहना है कि विदेश यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई थी, जिसने उसे यह बैग भारत तक पहुंचाने का अनुरोध किया था. उसने दावा किया कि उसे बैग के भीतर मौजूद सामग्री के बारे में जानकारी नहीं थी. हालांकि, जांच एजेंसियां उसके इस बयान की पुष्टि करने में जुटी हैं. अधिकारियों ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.