अमरूद चुराने पर पूर्व-सैनिक ने मासूम को चेन से बांधकर पीटा, वीडियो में देखें कैसे मदद की गुहार लगाती रही बच्ची
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक नाबालिग बच्ची को अमरूद तोड़ने के आरोप में रिटायर्ड आर्मी कर्मी ने चेन से बांधकर पीटा. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अमरूद तोड़ने के आरोप में एक नाबालिग बच्ची को बेरहमी से प्रताड़ित किया गया. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है.
जानकारी के मुताबिक आरोपी एक रिटायर्ड आर्मी कर्मी है, जिसने बच्ची को अपने घर के पास लगे पेड़ से अमरूद तोड़ते हुए देखा. इसी बात से गुस्साए आरोपी ने बच्ची को पकड़कर अपने घर के अंदर ले गया. आरोप है कि उसने बच्ची को सीढ़ियों से चेन से बांध दिया और उसके साथ मारपीट की.
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित बच्ची एक प्रवासी परिवार की बेटी बताई जा रही है. उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसने घर के बाहर लगे पेड़ से अमरूद तोड़ लिए थे. इस छोटी सी बात पर आरोपी ने अमानवीय व्यवहार करते हुए बच्ची को बुरी तरह पीटा.
वीडियो में क्या आया सामने?
घटना का वीडियो एक स्थानीय युवक ने रिकॉर्ड किया, जो मर्चेंट नेवी में काम करता है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्ची रो रही है और मदद की गुहार लगा रही है. वहीं आरोपी अपने कृत्य को सही ठहराते हुए कह रहा है कि बच्ची ने चोरी की है. वीडियो बनाने वाला युवक भी आरोपी से सवाल करता हुआ सुनाई देता है.
स्थानीय युवक जिसकी पहचान रोहित के रूप में हुई है, ने तुरंत इस मामले की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस को दी. उसके मुताबिक बाद में आरोपी ने अपनी गलती मानते हुए बच्ची के परिवार से माफी भी मांगी.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की और पीड़िता के परिवार के बयान दर्ज किए. साथ ही बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है ताकि चोटों का सही आकलन किया जा सके.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है. इस घटना ने एक बार फिर समाज में बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
और पढ़ें
- होर्मुज से भारत के लिए 'ग्रीन आशा' की किरण, एलपीजी टैंकर को मिली ईरान की हरी झंडी
- मौत का हाईवे बना NH-305...5 साल में 298 हादसे, सोझा दुर्घटना ने खोली पोल; हाई कोर्ट तक पहुंचा मामला
- BSF के हाथों में विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी, वोटर आईडी चेकिंग से लेकर सीसीटीवी पर होगा नियंत्रण; पहले हटाए जाएंगे ये ऑफिसर