'लगातार 1,413 दिन का कार्यकाल...',मेलोनी ने बनाया इटली में नया रिकॉर्ड, PM मोदी ने दी बधाई
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने देश के द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का रिकॉर्ड बनाया है. उनकी सरकार ने 4 सितंबर 2026 को लगातार 1,413 दिन पूरे किए. उनकी इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है.
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अपने कार्यकाल में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि हासिल की है. 4 सितंबर 2026 को उनकी सरकार ने लगातार 1,413 दिन पूरे कर लिए. इसके साथ ही मेलोनी इटली के युद्ध के बाद के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली प्रधानमंत्री बन गई हैं.
मेलोनी ने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का रिकॉर्ड तोड़ा है. बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार 2001 से 2005 के बीच लगातार 1,412 दिन तक सत्ता में रही थी. मेलोनी ने इस आंकड़े को एक दिन पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया.
इटली की राजनीति में स्थिरता बड़ी बात
मेलोनी की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली की राजनीति लंबे समय तक अस्थिरता के लिए जानी जाती रही है. करीब आठ दशकों में देश में 68 सरकारें बन चुकी हैं. इस दौरान किसी एक सरकार का औसत कार्यकाल लगभग 14 महीने ही रहा है. ऐसे राजनीतिक माहौल में मेलोनी सरकार का लगातार इतने लंबे समय तक सत्ता में बने रहना अपने आप में बड़ी राजनीतिक उपलब्धि है. यह उनकी सरकार की स्थिरता और राजनीतिक पकड़ को भी दर्शाता है.
Also Read
- Jio 450 vs Airtel 449: 8 दिन ज्यादा वैलिडिटी या 4GB डेली डाटा, कौन-सा रिचार्ज है बेहतर?
- Mirzapur The Movie First Review: ‘पीक मास एंटरटेनर’ निकली मिर्जापुर! गुड्डू पंडित-मुन्ना त्रिपाठी की भिड़ंत ने थिएटर्स में मचाया भौकाल
- श्रीकृष्ण से सीखें जीवन संभालने की कला, विपरीत हालात में भी कैसे बनाए रखें धैर्य और संतुलन
मोदी ने मेलोनी को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स के जरिए जॉर्जिया मेलोनी को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी. भारत और इटली के बीच पिछले कुछ वर्षों में राजनयिक संबंध लगातार मजबूत हुए हैं. मोदी और मेलोनी के बीच भी कई मौकों पर करीबी संवाद देखने को मिला है. दोनों देशों ने अपने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी तक पहुंचाया है. भारत और इटली के बीच व्यापार, रक्षा, तकनीक और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है.
दिलचस्प बात यह है कि कुछ महीने पहले जॉर्जिया मेलोनी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बड़ी उपलब्धि पर बधाई दी थी. जून 2026 में मोदी ने भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाया था. अब इटली में नया राजनीतिक रिकॉर्ड बनाने के बाद मेलोनी को प्रधानमंत्री मोदी की ओर से बधाई मिली है. दोनों नेताओं के बीच यह आदान-प्रदान भारत और इटली के बीच बढ़ती राजनीतिक नजदीकी को भी रेखांकित करता है.