menu-icon
India Daily

मुंबई: विले पार्ले की हाईराइज बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर लगी भीषण आग, दो की मौत - कई घायल

मंगलवार रात मुंबई के विले पार्ले वेस्ट में बैप्टिस्टा रोड स्थित एक हाईराइज बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई. आग की खबर मिलते ही एक दर्जन फायर टेंडर मौके पर पहुंचे.

Shilpa Shrivastava
मुंबई: विले पार्ले की हाईराइज बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर लगी भीषण आग, दो की मौत - कई घायल
Courtesy: X

विले पार्ले: मंगलवार रात मुंबई के विले पार्ले वेस्ट में बैप्टिस्टा रोड स्थित एक हाईराइज बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई. आग की खबर मिलते ही एक दर्जन फायर टेंडर मौके पर पहुंचे. फायरफाइटर्स ने करीब एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया. आग लगने के दौरान 11वीं मंजिल के फ्लैट में छह लोग फंस गए थे. दुर्भाग्य से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. घायलों को नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

नानावटी अस्पताल की सीएमओ डॉ. मुग्धा के अनुसार छह लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी. इनमें से दो को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया गया. मृतकों की पहचान 2.5 साल के अबिर और 23 वर्षीय अंकिता के रूप में हुई है. घायलों में पार्थ (32), हिरेन (64), यशस्वी और अभिषेक शामिल हैं. सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है.

आग के कारणों का लगाया जा रहा पता:

फायर ऑफिसर वी. भोसले ने कहा, "इमारत के 11वीं मंजिल पर आग लगी थी. आग पर काबू पा लिया गया है. दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं...अभी स्थिति कंट्रोल में है. कूलिंग ऑपरेशन चालू है. छत पर 15 लोग फंसे थे, उनको रेस्क्यू कर लिया गया है...एक महिला और एक बच्चे की मृत्यु हो गई है और 2 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है...जांच के बाद ही आग लगने का कारण पता चल पाएगा..."

पुलिस कर रही मामले की जांच: 

इलाके में राहत की सांस तो आई है लेकिन परिवारजनों में गहरा दुख है. खासकर छोटे बच्चे की मौत ने सभी को झकझोर दिया है. पुलिस और फायर विभाग घटना की जांच कर रहे हैं. आग कैसे लगी, इसकी पूरी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी.