Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार देर शाम आश्रम स्थित मोदी मिल के पास जंगल में भीषण आग लग गई. आग की लपटों को देख पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. सूचना पर पहुंची दिल्ली पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस की 7 गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं. उधर, आग को देखते हुए आश्रम से मथुरा रोड पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि शनिवार शाम मध्य दिल्ली में मोदी मिल फ्लाईओवर के पास वन क्षेत्र (जंगल) में भीषण आग लग गई. इसके कारण ट्रैफिक बाधित हो गया. एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के अग्निशमन सेवा विभाग ने बताया है कि सात दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया है. घटना में अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है.
Traffic Alert
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) January 6, 2024
Traffic is affected on Mathura road in the carriageway from Ashram Chowk towards Apollo Hospital as a major fire has broken out under Modi Mill Flyover alongside Mathura road. Kindly avoid the stretch. pic.twitter.com/74yRK31LRV
सोशल मीडिया पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि आश्रम चौक से अपोलो अस्पताल की ओर जाने वाले कैरिजवे में मथुरा रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है. पुलिस ने यात्रियों को मोदी मिल फ्लाईओवर के पास वाली सड़कों से न जाने की सलाह दी है.
दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा है कि मथुरा रोड पर आश्रम चौक से अपोलो अस्पताल की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित है, क्योंकि मथुरा रोड के साथ मोदी मिल फ्लाईओवर के नीचे भीषण आग लग गई है. कृपया इस रास्ते पर जाने से बचें. बता दें कि दिल्ली के आश्रम से मथुरा रोड पर पीक आवर में भारी ट्रैफिक होता है. फरीदाबाद, पलवल की ओर जाने वाले वाहनों का भारी दबाव होता है.